चाईबासा ट्रेजरी घोटाला: पुलिस सिपाही समेत 4 आरोपी गिरफ्तार, 26 लाख से अधिक की फर्जी निकासी का खुलासा

आरोपी सिपाही ने रिश्तेदारों और दोस्त के साथ मिलकर अंजाम दिया घोटाला, फर्जी तरीके से निकाली गई राशि कई बैंक खातों में ट्रांसफर; जांच में और खुलासों की संभावना

By
admin

चाईबासा: झारखंड के चाईबासा में ट्रेजरी से पुलिस विभाग के खातों से लाखों रुपये की फर्जी निकासी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सिपाही समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस मामले में कुल 26 लाख 21 हजार 717 रुपये की अवैध निकासी की गई थी।

मुफ्फसिल थाना पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई में मुख्य आरोपी सिपाही देवनारायण मुर्मू के साथ उसके जीजा अरुण कुमार मार्डी, साला सरकार हेंब्रम और दोस्त गोराचांद मार्डी को गिरफ्तार किया गया है। जिला प्रशासन द्वारा गठित उच्च स्तरीय जांच टीम की जांच में चारों की संलिप्तता सामने आई है।

मिलीभगत से की गई फर्जी निकासी:

जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी सिपाही देवनारायण मुर्मू ने अपने करीबी रिश्तेदारों और दोस्त के साथ मिलकर ट्रेजरी से फर्जी तरीके से राशि निकाली। निकाली गई रकम को अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर किया गया, जिससे घोटाले को छिपाने की कोशिश की गई।

कई खातों का किया गया इस्तेमाल:

जांच टीम के अनुसार, आरोपी सिपाही ने अपने वेतन खाते के अलावा अन्य खातों का भी इस्तेमाल किया। इससे यह स्पष्ट होता है कि पूरे मामले को सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया।

कहां के रहने वाले हैं आरोपी:

गिरफ्तार आरोपियों में शामिल जीजा और साला कोवाली थाना क्षेत्र के निवासी हैं, जबकि एक अन्य आरोपी दोस्त मयूरभंज जिला का रहने वाला है।

जेल भेजे गए सभी आरोपी:

पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। मामले की गहराई से जांच जारी है और आशंका जताई जा रही है कि इस घोटाले में और भी लोग शामिल हो सकते हैं।

जांच जारी, और खुलासों की उम्मीद:

पुलिस और जिला प्रशासन की संयुक्त जांच में आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे होने की संभावना है। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी हुई है।

Share This Article
error:Content is protected !!