रांची: शारदीय नवरात्र के दौरान दुर्गा पूजा पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था की वास्तविक स्थिति जानने के लिए बुंडू डीएसपी ओमप्रकाश और तमाड़ थाना प्रभारी दुलाल कुमार महतो रविवार देर रात सिविल ड्रेस में निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान अधिकारियों ने कोठारी बंधु चौक स्थित पूजा पंडाल सहित तमाड़ क्षेत्र के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों का जायजा लिया।
सिविल ड्रेस में पहुंचने की बताई वजह
बुंडू डीएसपी ओमप्रकाश ने बताया कि वह पूजा पंडालों का औचक निरीक्षण करना चाहते थे, ताकि लोगों को पहले से उनकी मौजूदगी की जानकारी न हो। इससे आम लोगों के बीच रहकर पूजा पंडालों के माहौल और सुरक्षा व्यवस्था की वास्तविक स्थिति को समझने में मदद मिल सके। उन्होंने बताया कि इसी वजह से अपनी गाड़ी भी पूजा पंडाल से दूर खड़ी की थी, ताकि लोगों को आसानी से पता न चले कि कोई पुलिस अधिकारी निरीक्षण के लिए पहुंचा है।
पूजा पंडालों की व्यवस्था का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विभिन्न पूजा पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था और विधि-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया। साथ ही पूजा समितियों के सदस्यों से आयोजन से जुड़ी आवश्यक जानकारी प्राप्त की। शारदीय नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना महत्वपूर्ण है।
शांतिपूर्ण दुर्गोत्सव संपन्न कराने की अपील
डीएसपी ओमप्रकाश ने पूजा समितियों से दुर्गोत्सव को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने की अपील की। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की।

















