बुण्डू के सिंबायोसिस पब्लिक स्कूल में धूमधाम से मनाया गया नवरात्रि उत्सव

मंत्रोच्चार, महिषासुर मर्दिनी की प्रस्तुति और डांडिया नृत्य ने मोहा मन

By
admin

रांची: बुण्डू स्थित सिंबायोसिस पब्लिक स्कूल में 13 अक्टूबर 2026 को नवरात्रि उत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने वैदिक मंत्रोच्चार, भक्ति गीत, नृत्य, नाटक और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं की झलक पेश की।

कार्यक्रम की शुरुआत मां दुर्गा की आराधना और नवरात्रि मंत्र के सामूहिक उच्चारण के साथ हुई। विद्यार्थियों ने श्रद्धापूर्वक मंत्रोच्चार कर विद्यालय परिसर में भक्तिमय वातावरण बनाया। इसके बाद मां दुर्गा के साहस और महिषासुर पर विजय की गाथा पर आधारित ‘महिषासुर मर्दिनी’ का दृश्य-रूपक प्रस्तुत किया गया। इस प्रस्तुति के माध्यम से बुराई पर अच्छाई और अधर्म पर धर्म की जीत का संदेश दिया गया।

छात्राओं की गायन प्रस्तुति ने कार्यक्रम में भक्ति का रंग भर दिया। वहीं, लोकप्रिय बंगाली गीत ‘ढाक बजाओ, कांसोर बजाओ’ पर विद्यार्थियों की प्रस्तुति ने दुर्गा पूजा की परंपराओं और उत्सव के उल्लास को जीवंत किया। इसके बाद विद्यार्थियों और शिक्षकों ने डांडिया नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम को और आकर्षक बनाया।

दशहरा पर आधारित कविता पाठ, नाटक और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए सत्य, साहस, सदाचार और नैतिक मूल्यों के महत्व को रेखांकित किया गया। प्रस्तुतियों में विद्यार्थियों की प्रतिभा, रचनात्मकता, आत्मविश्वास और सामूहिक सहभागिता देखने को मिली।

इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक अली अल अराफात और प्राचार्या तराना बेगम ने विद्यार्थियों के प्रदर्शन की सराहना की और उन्हें नवरात्रि एवं दशहरा की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रम विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, परंपराओं और नैतिक मूल्यों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे आयोजनों से बच्चों में आपसी सम्मान, सद्भाव, अनुशासन, करुणा और एकता की भावना विकसित होती है।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर पारंपरिक परिधानों और विद्यार्थियों के उत्साह से सराबोर रहा। विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति की विविधता और आपसी सद्भाव का संदेश दिया गया।

Share This Article
error:Content is protected !!