रांची: साउथ प्वाइंट पब्लिक स्कूल, बुंडू में आयोजित विज्ञान सह कला प्रदर्शनी में विद्यार्थियों की वैज्ञानिक सोच, तकनीकी नवाचार और कलात्मक प्रतिभा की झलक देखने को मिली। छात्र-छात्राओं ने विज्ञान के विभिन्न विषयों पर आधारित मॉडल, रोबोटिक्स प्रोजेक्ट और आकर्षक कलाकृतियों के माध्यम से अपनी रचनात्मक क्षमता का प्रदर्शन किया। प्रदर्शनी में प्रस्तुत किए गए मॉडलों और कलाकृतियों ने अतिथियों एवं दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।
एनआईएएमटी के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. आनंद एन. मुर्मू रहे मुख्य अतिथि
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एनआईएएमटी, हटिया, रांची के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. आनंद एन. मुर्मू तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में अटल इनोवेशन मिशन, नीति आयोग के अरुण कुमार झा शामिल हुए। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने अपने तैयार किए गए वैज्ञानिक मॉडलों और कलाकृतियों को प्रदर्शित किया।
रोबोटिक्स और अटल टिंकरिंग लैब के प्रोजेक्ट बने आकर्षण
विज्ञान प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने आठ प्रमुख विषय-श्रेणियों के अंतर्गत मॉडल तैयार किए। इनमें रोबोटिक्स, सेंसर एवं ह्यूमन बॉडी टेक्नोलॉजी; सेफ्टी, सिक्योरिटी एवं अलर्ट सिस्टम; रिन्यूएबल एनर्जी एवं पावर; वाटर एवं एग्रीकल्चर; एनवायरनमेंट एवं पॉल्यूशन; अर्थ, स्पेस एवं वेदर साइंस; मशीन, व्हीकल्स एवं ऑटोमेशन तथा कम्युनिटी एवं मैथ्स मॉडल शामिल थे। विद्यालय की अटल टिंकरिंग लैब में तैयार किए गए विभिन्न मॉडल और रोबोटिक्स से जुड़े प्रोजेक्ट भी प्रदर्शनी के प्रमुख आकर्षण रहे। इन प्रस्तुतियों के जरिए विद्यार्थियों ने विज्ञान और तकनीक के विभिन्न पहलुओं को मॉडल के माध्यम से सामने रखा।
विद्यार्थियों की पेंटिंग और कलाकृतियों में दिखी कल्पनाशीलता
कला प्रदर्शनी में छात्र-छात्राओं ने अपनी कल्पनाशीलता और कलात्मक कौशल का परिचय दिया। दिव्यांशी ने राधा-कृष्ण और मदर्स डे पर आधारित कलाकृतियां बनाईं, जबकि पायल कुमारी ने मां दुर्गा और भगवान कृष्ण की तस्वीरें प्रस्तुत कीं। यश राज ने हनुमान जी, सफेद घोड़े और भगवान शिव की कलाकृतियां बनाईं। वहीं शुभम ने शेर, शिव की ध्यान मुद्रा और पेन पोर्ट्रेट के माध्यम से अपनी कला प्रतिभा दिखाई। ख्याति की शिवजी पर आधारित एब्स्ट्रैक्ट पेंटिंग भी प्रदर्शनी का हिस्सा रही।

क्राफ्ट और फ्लावर पॉट ने भी बटोरी सराहना
क्राफ्ट श्रेणी में पायल, भास्कर, दिव्यांशी, हर्षिता, नव्या, स्मृति और सिया की कलाकृतियां प्रदर्शित की गईं। इसके अलावा विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए फ्लावर पॉट भी प्रदर्शनी में शामिल रहे। विद्यालय के कला शिक्षक तपन सिंह सरदार की ओर से बनाई गई पेंटिंग की भी लोगों ने सराहना की।
प्राचार्य ने सभी के सामूहिक प्रयास को दिया श्रेय
विद्यालय के प्राचार्य सुभाष कुमार पाटनी ने प्रदर्शनी की सफलता का श्रेय विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, कर्मचारियों, अभिभावकों और विद्यार्थियों के सामूहिक प्रयास को दिया। उन्होंने आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

















