रांची: झारखंड के रांची जिले के बुंडू की दो छात्राएं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने जा रही हैं। पीएम श्री कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, बुंडू की रिया कुमारी और आरती कुमारी का चयन 70वीं स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) राष्ट्रीय शतरंज प्रतियोगिता के अंडर-19 बालिका वर्ग में झारखंड टीम के लिए हुआ है। दोनों छात्राएं राष्ट्रीय प्रतियोगिता में राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगी।
जानकारी के अनुसार, 70वें राष्ट्रीय स्कूल गेम्स का आयोजन 24 से 28 अक्टूबर तक नई दिल्ली स्थित त्यागराज स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में निर्धारित है। प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों की खिलाड़ी हिस्सा लेंगी। इस मंच पर रिया और आरती को अपनी शतरंज प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
दोनों छात्राओं ने रांची के खेलगांव में आयोजित राज्य स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया था। इसी प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन झारखंड टीम में हुआ। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार और बुंडू क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
रिया कुमारी तुजू गांव की रहने वाली हैं, जबकि आरती कुमारी बुंडू के बारूहातु की निवासी हैं। दोनों छात्राएं साधारण आर्थिक पृष्ठभूमि वाले परिवारों से आती हैं। इसके बावजूद खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की उनकी मेहनत और लगन ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता तक पहुंचाया है।
विद्यालय की वार्डन भूमिका कुमारी, खेल प्रशिक्षिका सुनीता महतो और विद्यालय परिवार ने दोनों छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। साथ ही राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
रिया और आरती का राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयन विद्यालय के साथ-साथ पूरे बुंडू क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। अब क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि दोनों छात्राएं प्रतियोगिता में अच्छा प्रदर्शन कर झारखंड का नाम रोशन करेंगी।

















