रांची: रांची के बुंडू पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में फरार चल रहे आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। इनमें एक मामला वाहन चोरी गिरोह से जुड़ा है, जबकि दूसरा मामला युवती को आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने का है।
पुलिस के अनुसार पहला मामला बुंडू थाना कांड संख्या-18/26 का है। 25 फरवरी 2026 को बुंडू पुलिस ने मोटरसाइकिल और ट्रैक्टर चोरी कर फर्जी नंबर प्लेट एवं चेसिस नंबर बदलकर खरीद-बिक्री करने वाले संगठित गिरोह के खिलाफ कार्रवाई की थी। कार्रवाई के दौरान तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया गया था, जबकि एक आरोपी फरार हो गया था। गिरफ्तार अपराधियों की निशानदेही पर पुलिस ने 9 मोटरसाइकिल और एक ट्रैक्टर बरामद किया था।
जांच के दौरान फरार आरोपी की तलाश जारी थी। इसी बीच 29 मई को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर लाल सिंह महली, पिता- मरिया बांस महली, निवासी- मानकीडीह, थाना- तमाड़, जिला- रांची को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
जयदीप टोप्पो ने बताया- गुप्त सूचना मिलने के बाद दोनों मामलों में फरार आरोपियों के ठिकानों पर छापेमारी कर गिरफ्तारी की गई
वहीं दूसरा मामला बुंडू थाना कांड संख्या-41/25 से जुड़ा है। 8 मार्च 2025 को थाना क्षेत्र की रहने वाली मृतिका बिरोली कुमारी (19 वर्ष) ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली थी। मामले में मृतका के पिता ने युवती के प्रेमी पर शादी से इंकार करने और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया था।
शिकायत के आधार पर दर्ज मामले में पुलिस जांच कर रही थी। इसी क्रम में गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर फरार आरोपी दीपक मुंडा, पिता- मंगल मुंडा उर्फ जयराम मुंडा, निवासी- तिरिलडीह, थाना- बुंडू, जिला- रांची को गिरफ्तार किया गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

















