खूंटी में पीएलएफआई उग्रवादियों का तांडव, रेलवे कार्य स्थल और ठेकेदार के प्लॉट पर फायरिंग, पर्चा छोड़कर दी चेतावनी

शाम 7 बजे दो जगहों पर हमला, 5 राउंड फायरिंग के साथ 2 रोड रोलर फूंके; अमृत होरो ने ली जिम्मेदारी, पुलिस का सर्च ऑपरेशन तेज

By
admin

खूंटी: झारखंड के खूंटी जिले में उग्रवादी संगठन पीएलएफआई (PLFI) ने एक बार फिर अपनी मौजूदगी दर्ज कराते हुए दहशत फैलाने की कोशिश की है। गुरुवार शाम करीब 7 से 7:30 बजे के बीच कर्रा थाना क्षेत्र के धुर्वा–कर्रा रोड स्थित कुलहुट्टू इलाके में उग्रवादियों ने रेलवे निर्माण कार्य से जुड़े स्थलों को निशाना बनाया।

मिली जानकारी के अनुसार, कर्रा थाना क्षेत्र के काटमकुकु गांव स्थित महुआ टोली के समीप लोधमा से पिस्का नगड़ी रेलवे लाइन निर्माण कार्य के तहत चल रहे मिट्टी फिलिंग कार्य स्थल पर हथियारबंद उग्रवादी पहुंचे। यहां उन्होंने पहले एक पर्चा चिपकाया और फिर दो रोड रोलर मशीनों में आग लगा दी। इसके बाद इलाके में दहशत फैलाने के उद्देश्य से कई राउंड फायरिंग की।

इसी दौरान धुर्वा–कर्रा रोड के कुलहुट्टू इलाके में रेलवे ठेकेदार के प्लॉट को भी निशाना बनाया गया, जहां उग्रवादियों ने करीब पांच राउंड फायरिंग की। घटना के बाद उग्रवादी मौके पर पर्चा छोड़कर जंगल की ओर फरार हो गए।

घटना के बाद दोनों इलाकों में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। फायरिंग की आवाज सुनकर मजदूर और स्थानीय लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

सूचना मिलते ही कर्रा थाना पुलिस गुरुवार रात को ही घटनास्थल पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। शुक्रवार सुबह जिला प्रशासन और पुलिस के वरीय अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा किया।

पुलिस ने घटनास्थल से पांच गोली के खोखे बरामद किए हैं। साथ ही उग्रवादी संगठन पीएलएफआई का एक पर्चा भी जब्त किया गया है। पर्चे में संगठन के झारखंड स्टेट चीफ अमृत होरो ने घटना की जिम्मेदारी ली है और रेलवे निर्माण कार्य का विरोध जताते हुए चेतावनी दी गई है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है। आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और रेलवे निर्माण कार्य पर भी इसका असर पड़ा है।

Share This Article
error:Content is protected !!