बुटन देवी का संगीत नाटक अकादमी सम्मान पंचपरगना और झारखंड के लिए गौरव की बात : सुदेश महतो

ताऊ गांव पहुंचकर पूर्व उपमुख्यमंत्री ने लोकगायिका को किया सम्मानित, कलाकारों की मांग पर कला भवन निर्माण का दिया आश्वासन

By
admin

रांची: झारखंड की प्रसिद्ध लोकगायिका एवं लोकनृत्य कलाकार बुटन देवी को राष्ट्रपति द्वारा संगीत नाटक अकादमी सम्मान के लिए चयनित किए जाने पर बुधवार को पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं आजसू प्रमुख सुदेश कुमार महतो उनके रांची के बुंडू प्रखंड स्थित ताऊ गांव के आवास पहुंचे और उन्हें सम्मानित कर शुभकामनाएं दीं। इस दौरान कलाकारों ने पारंपरिक नृत्य-गीत के साथ उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कलाकार, ग्रामीण एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

बुटन देवी पिछले करीब 45 वर्षों से झारखंडी लोकगीत, लोकनृत्य और पंचपरगनिया संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने हजारों मंचों पर प्रस्तुति देकर झारखंड की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का कार्य किया है। उनके इसी योगदान को देखते हुए उन्हें देश के प्रतिष्ठित संगीत नाटक अकादमी सम्मान के लिए चयनित किया गया है।

45 वर्षों की साधना को मिला राष्ट्रीय सम्मान

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सुदेश कुमार महतो ने कहा कि स्वर कोकिला के नाम से विख्यात बुटन देवी राष्ट्रीय सम्मान से सुशोभित होने जा रही हैं। यह घोषणा पूरे पंचपरगना क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि बुटन देवी ने अपने गीत-संगीत और लोककला के माध्यम से झारखंड की सांस्कृतिक विरासत को देशभर में पहचान दिलाने का काम किया है।

सुदेश महतो बोले- बुटन देवी का सम्मान पूरे पंचपरगना का सम्मान

सुदेश कुमार महतो ने बताया कि बुटन देवी को मिलने वाला यह सम्मान केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि पूरे पंचपरगना और झारखंड की लोकसंस्कृति का सम्मान है। उन्होंने कहा कि झारखंड राज्य का गठन भाषा, संस्कृति और पहचान के आधार पर हुआ था। ऐसे में बुटन देवी जैसी कलाकारों ने अपनी कला साधना से राज्य की सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनके संघर्ष, समर्पण और उपलब्धियां आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।

उन्होंने कहा कि बुटन देवी को इस मुकाम तक पहुंचाने में उनके परिवार, सहयोगी कलाकारों और संस्कृति प्रेमियों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। ऐसे कलाकार किसी एक क्षेत्र की नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र की सांस्कृतिक धरोहर होते हैं।

कला भवन निर्माण की मांग पर मिला आश्वासन

इस अवसर पर सुदेश महतो ने बुटन देवी, उनके पति लखीचरण मुंडा, विश्वनाथ महतो, जीवन मुंडा समेत कलाकार दल के सदस्यों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान कलाकारों ने ताऊ गांव में बुटन देवी के नाम पर कला भवन निर्माण की मांग रखी। इस पर सुदेश महतो ने कला भवन निर्माण कराने का आश्वासन दिया। आश्वासन मिलने के बाद कलाकारों और ग्रामीणों ने खुशी जताई।

मौके पर पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष सुकरा सिंह मुंडा, आजसू पार्टी के जिला वरीय उपाध्यक्ष राजकिशोर कुशवाहा, केंद्रीय सचिव श्याम कुमार महतो, हरिहर महतो, देवनाथ कुशवाहा, महेंद्र प्रसाद कोईरी, महावीर महतो, अधिवक्ता राजनाथ महतो समेत बड़ी संख्या में कलाकार, ग्रामीण और आजसू कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Share This Article
error:Content is protected !!