बुंडू में प्रशासन, नगर पंचायत और सामाजिक संगठनों में बनी सहमति, आश्वासन के बाद 23 सितंबर का बंद स्थगित

छह प्रमुख मांगों पर समयबद्ध कार्रवाई का लिखित आश्वासन, बैठक के बाद संगठनों ने बंद स्थगित किया

By
admin

रांची: रांची के बुंडू नगर पंचायत क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी छह प्रमुख मांगों को लेकर 23 सितंबर को प्रस्तावित बुंडू बंद फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। सोमवार को एसडीओ बुंडू की अध्यक्षता में अनुमंडल प्रशासन, नगर पंचायत और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों के बीच हुई बैठक में मांगों के समाधान को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। नगर पंचायत की ओर से लिखित आश्वासन मिलने के बाद सामाजिक संगठनों ने बंद स्थगित करने पर सहमति जताई।

छह मांगों को लेकर बंद का हुआ था ऐलान

बुंडू में पेयजल व्यवस्था, शौचालय निर्माण, तालाबों की सफाई और सौंदर्यीकरण, कचरा उठाव, सड़क मरम्मत और बस स्टैंड निर्माण जैसे मुद्दों को लेकर सामाजिक संगठनों ने प्रशासन के समक्ष मांगें रखी थीं। मांगों के समाधान के लिए 23 सितंबर को बुंडू बंद का ऐलान किया गया था। इससे पहले 22 सितंबर को मशाल जुलूस निकालने की भी घोषणा की गई थी।

नगर पंचायत ने जलापूर्ति को लेकर गिनाए काम

बंद के ऐलान के बाद नगर पंचायत कार्यालय में नगर अध्यक्ष जितेंद्र उरांव, उपाध्यक्ष और वार्ड सदस्यों ने संयुक्त रूप से प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। इस दौरान जलापूर्ति समेत अन्य नागरिक सुविधाओं को लेकर नगर पंचायत की ओर से किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी गई।

नगर पंचायत के अनुसार, जिन वार्डों में जलापूर्ति बाधित है, वहां प्रतिदिन टैंकर से पानी पहुंचाया जा रहा है। कांची नदी स्थित मोटर की मरम्मत पूरी होने की बात भी कही गई। वहीं उलीडीह से कांची नदी इंटेक वेल तक नया फीडर लगाने के लिए प्रशासनिक स्वीकृति हेतु संबंधित विभाग को पत्राचार किया गया है।

करीब 6 लाख लीटर क्षमता वाले नए जलापूर्ति टैंक की निविदा प्रक्रिया को लेकर नगर पंचायत ने बताया कि 9 अक्टूबर 2026 को निविदा की तिथि निर्धारित है। जलापूर्ति की समस्या वाले क्षेत्रों में नई पानी की टंकियों के निर्माण की प्रक्रिया भी शुरू करने की जानकारी दी गई। नगर पंचायत ने इस वर्ष के भीतर जलापूर्ति की समस्या के समाधान का लक्ष्य बताया।

शौचालय, तालाब और कचरा उठाव पर भी योजना

नगर पंचायत की ओर से बताया गया कि टेम्पो स्टैंड में 9 सीट वाले और रानी चुंआ में 5 सीट वाले शौचालय का निर्माण कराया जाएगा। दोनों शौचालयों को तीन महीने के भीतर तैयार करने का लक्ष्य बताया गया। बाजार क्षेत्र में एक महीने के भीतर दो मोबाइल टॉयलेट लगाने की भी जानकारी दी गई।

सफाई व्यवस्था के तहत शंकर बांध और गोसाईडीह तालाब की सफाई पूरी होने की बात कही गई, जबकि बड़ा तालाब की सफाई का काम जारी बताया गया। नगर पंचायत के अनुसार, सभी वार्डों में डोर-टू-डोर कचरा उठाव भी जारी है।

सड़क और बस स्टैंड को लेकर प्रस्ताव

सड़क को लेकर नगर पंचायत ने बताया कि ब्लॉक मोड़ से गोसाईडीह मोड़ तक सड़क मरम्मत और कालीकरण के लिए प्राक्कलन तैयार कर प्रशासनिक स्वीकृति के लिए भेजा गया है। वहीं नए बस स्टैंड के निर्माण का प्रस्ताव भी संबंधित विभाग को भेजे जाने की जानकारी दी गई।

नगर पंचायत के पदाधिकारियों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान आंदोलन से जुड़े संगठन पर मुद्दों को राजनीतिक रूप देने का आरोप लगाया था। नगर पंचायत की ओर से कहा गया कि नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्य स्थानीय लोगों की मांग के अनुसार आगे बढ़ाए जा रहे हैं।

एसडीओ की बैठक में छह मुद्दों पर हुई चर्चा

इसके बाद सोमवार को एसडीओ बुंडू की अध्यक्षता में प्रशासन और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों की बैठक हुई। इसमें जय हो सेवा संगठन, उलगुलान मोर्चा, मजदूर सेवा संगठन समेत अन्य सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। अनुमंडल प्रशासन की ओर से नगर प्रशासक और संबंधित अधिकारी भी बैठक में मौजूद रहे।

बैठक में पेयजल, शौचालय निर्माण, तालाबों के सौंदर्यीकरण, कचरा उठाव, सड़क मरम्मत और बस स्टैंड निर्माण से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। सामाजिक संगठनों ने इन समस्याओं के समाधान के लिए समयबद्ध कार्रवाई की मांग रखी।

एसडीओ ने तय समय-सीमा में कार्रवाई के दिए निर्देश

एसडीओ ने नगर प्रशासक को बैठक में उठाई गई समस्याओं पर निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों में लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत देते हुए लंबित कार्यों में तेजी लाने को कहा गया।

बैठक के दौरान नगर पंचायत की ओर से मांगों पर कार्रवाई को लेकर लिखित आश्वासन दिया गया। इसके बाद सामाजिक संगठनों ने 23 सितंबर को प्रस्तावित बुंडू बंद को स्थगित करने का निर्णय लिया।

समय पर काम नहीं हुआ तो फिर आंदोलन की चेतावनी

सामाजिक संगठनों ने कहा कि प्रशासन और नगर पंचायत के आश्वासन के बाद बंद फिलहाल स्थगित किया गया है। संगठनों के अनुसार, यदि तय समय-सीमा के भीतर मांगों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं होती है, तो आगे की रणनीति पर निर्णय लिया जाएगा। जरूरत पड़ने पर दोबारा आंदोलन किए जाने की चेतावनी भी दी गई है।

फिलहाल प्रशासन और सामाजिक संगठनों के बीच बनी सहमति के बाद 23 सितंबर को प्रस्तावित बुंडू बंद स्थगित रहेगा।

Share This Article
error:Content is protected !!