खूंटी: खूंटी जिले में पुलिस ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए संगठन के दो सहयोगियों को हथियार और गोली के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से दो देसी कट्टा और 8 एमएम की दो गोली बरामद की है। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तार दोनों आरोपी संगठन विस्तार और इलाके में लेवी वसूली के काम में सक्रिय रूप से जुड़े हुए थे। वहीं कार्रवाई के दौरान तीन से चार अन्य युवक मौके से फरार हो गए, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
खूंटी एसपी ऋषभ गर्ग ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि खूंटी थाना क्षेत्र के जिलिंगा जंगल में पीएलएफआई संगठन से जुड़े कुछ लोग किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर तत्काल विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।
डीएसपी राम प्रवेश कुमार के नेतृत्व में जंगल में चला सर्च ऑपरेशन
एसपी ने बताया कि परिक्ष्यमान पुलिस उपाधीक्षक राम प्रवेश कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने जिलिंगा जंगल इलाके में अभियान चलाया। अभियान में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वरुण रजक, खूंटी थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह समेत कई थाना प्रभारियों और सशस्त्र बल के जवानों ने सक्रिय भूमिका निभाई। पुलिस टीम जैसे ही जंगल के अंदर पहुंची, वहां मौजूद युवक भागने लगे। जवानों ने तेजी से घेराबंदी करते हुए दो लोगों को पकड़ लिया, जबकि तीन से चार अन्य युवक जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजू स्वांसी और कुलन कोनगाड़ी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार राजू स्वांसी मारंगहादा थाना क्षेत्र का रहने वाला है, जबकि वर्तमान में रनिया थाना क्षेत्र में रह रहा था। वहीं कुलन कोनगाड़ी रनिया थाना क्षेत्र के उडीकेल बड़का टोली का निवासी है।
तलाशी के दौरान दोनों आरोपियों के पास से एक-एक लोडेड देसी कट्टा और 8 एमएम की दो गोली बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
पूछताछ में पीएलएफआई से जुड़ाव और लेवी वसूली में सहयोग की बात स्वीकार
एसपी ऋषभ गर्ग ने बताया कि पूछताछ में दोनों आरोपियों ने पीएलएफआई के सक्रिय सदस्यों के सहयोगी के रूप में काम करने की बात स्वीकारी है। दोनों ने पुलिस को बताया कि वे संगठन के लिए लेवी वसूली में मदद करते थे और संगठन विस्तार में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे थे।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी कुलन कोनगाड़ी का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ रनिया और तोरपा थाना में पहले से कई मामले दर्ज हैं। इनमें आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं के मामले शामिल हैं।
इस मामले में खूंटी थाना कांड संख्या 65/26 के तहत आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अब फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार जंगल और आसपास के इलाकों में छापेमारी अभियान चला रही है।
छापेमारी टीम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वरुण रजक, परिक्ष्यमान पुलिस उपाधीक्षक राम प्रवेश कुमार, खूंटी थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह, कर्रा थाना प्रभारी दीपक लाल कुमार, रनिया थाना प्रभारी श्यामल कुंभार समेत कई पुलिस अधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

















