खूंटी: झारखंड के खूंटी जिले में पुलिस ने बाइक चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।
मामला खूंटी थाना कांड संख्या 51/26, दिनांक 8 अप्रैल 2026 से जुड़ा है। पुलिस के अनुसार, 6 अप्रैल की रात झोपड़ी मार्केट इलाके से एक स्प्लेंडर बाइक चोरी कर ली गई थी। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया और मामले की जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि कुछ युवक चोरी की बाइक के साथ पतरा मैदान इलाके में घूम रहे हैं। इसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की और तीनों आरोपियों को बाइक सहित गिरफ्तार कर लिया।
बरामद मोटरसाइकिल का नंबर JH01FR-7794 है, जबकि चेसिस नंबर MBLHAW223RHF69265 बताया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोनू राम (23 वर्ष), बजरंग कुमार (23 वर्ष) और प्रिंस कुमार उर्फ चिंटू (19 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों खूंटी थाना क्षेत्र के निवासी हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे 6 अप्रैल की शाम जगन्नाथपुर मंदिर रांची के पास ब्राउन शुगर का नशा करने गए थे। देर रात लौटते समय झोपड़ी मार्केट में खड़ी बाइक को सुनसान पाकर उन्होंने चोरी कर ली और उसका इस्तेमाल करने लगे।
नशे के बाद सूझी वारदात, गुप्त सूचना से पुलिस ने दबोचा — एसडीपीओ वरुण रजक
एसडीपीओ वरुण रजक ने बताया कि घटना के बाद पुलिस लगातार सक्रिय थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली, जिसके आधार पर पतरा मैदान में छापेमारी कर तीनों आरोपियों को चोरी की बाइक के साथ गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने कहा कि आरोपियों ने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार कर लिया है और यह भी बताया है कि नशे की हालत में उन्होंने इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस अब इनसे अन्य मामलों में संलिप्तता की भी जांच कर रही है।
इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में थाना प्रभारी समेत पुलिस बल की अहम भूमिका रही। फिलहाल पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

















