25 दिनों से अंधेरे में पापरीदा गांव, बिजली संकट से फूटा ग्रामीणों का गुस्सा

खराब ट्रांसफॉर्मर और जर्जर तार से ठप हुई बिजली आपूर्ति, बच्चों की पढ़ाई और रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित

By
admin

रांची: रांची के सोनाहातु प्रखंड के पापरीदा गांव स्थित हरी मंदिर टोला में पिछले 25 दिनों से बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित है। खराब ट्रांसफॉर्मर और टूटे बिजली तार के कारण पूरे टोले के लोग अंधेरे में जिंदगी गुजारने को मजबूर हैं। लगातार शिकायतों के बावजूद बिजली विभाग की ओर से अब तक मरम्मत का काम शुरू नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि बिजली संकट ने गांव की दिनचर्या को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। शाम ढलते ही पूरा इलाका अंधेरे में डूब जाता है, जिससे बच्चों की पढ़ाई पर सीधा असर पड़ रहा है। मोबाइल चार्ज करने, इनवर्टर चलाने और घरेलू कामकाज में भी लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।

स्थानीय लोगों के अनुसार खराब ट्रांसफॉर्मर और क्षतिग्रस्त तार की सूचना कई बार बिजली विभाग को दी गई, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है। ग्रामीणों का आरोप है कि विभागीय लापरवाही के कारण समस्या दिनोंदिन गंभीर होती जा रही है।

गांव की महिलाओं और बुजुर्गों ने बताया कि रात के समय अंधेरा रहने से भय का माहौल बना रहता है। सांप-बिच्छू जैसे जहरीले जीवों का खतरा लगातार बना हुआ है। गर्मी और उमस के बीच बिजली नहीं रहने से लोगों की परेशानी और बढ़ गई है।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द बिजली व्यवस्था बहाल नहीं की गई तो वे सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। लोगों का कहना है कि लंबे समय से उपेक्षा झेल रहे ग्रामीण अब आर-पार की लड़ाई के मूड में हैं। अब देखना होगा कि बिजली विभाग इस समस्या पर कब तक संज्ञान लेता है और ग्रामीणों को अंधेरे से राहत कब मिलती है।

Share This Article
error:Content is protected !!