बुण्डू में मामूली कहासुनी बनी युवक की मौत की वजह, एक आरोपी हिरासत में

मामूली विवाद के बाद हुई मारपीट में गई युवक की जान, आरोपी से पूछताछ जारी

By
admin

रांची: रांची जिले के बुण्डू थाना क्षेत्र स्थित बिचाहातू गांव में मामूली विवाद के बाद एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान पद्दोलचन मछुवा (28 वर्ष) के रूप में हुई है। वह एक प्राइवेट स्कूल बस चालक था। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, सोमवार की शाम पद्दोलचन मछुवा स्कूल बस को घर में खड़ा करने के बाद बाइक से बुढाडीह गांव की ओर जा रहा था। इसी दौरान गांव के ही बुद्धदेव सेठ उर्फ बुलू सेठ के घर के पास दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, विवाद धीरे-धीरे बढ़ता गया और दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि मारपीट के दौरान बुद्धदेव सेठ ने पद्दोलचन मछुवा की जमकर पिटाई की। इसके बाद उसे जमीन पर गिराकर गला दबाया गया। घटना में गंभीर रूप से घायल पद्दोलचन सड़क पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा।

हल्ला सुनकर मृतक के पिता नगेन्द्र मछुवा मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद से एंबुलेंस बुलाकर घायल बेटे को बुण्डू अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही बुण्डू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी बुद्धदेव सेठ उर्फ बुलू सेठ को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मंगलवार को शव को पोस्टमार्टम के लिए रांची स्थित रिम्स भेजा गया।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।

Share This Article
error:Content is protected !!