जामताड़ा: ईरान और इसराइल के बीच जारी तनाव का असर अब आम लोगों की रसोई तक पहुंचता दिखाई दे रहा है। देश के कई हिस्सों के साथ-साथ झारखंड के विभिन्न जिलों में भी गैस सिलेंडर को लेकर लोगों में चिंता देखी जा रही है। हालांकि जामताड़ा जिले की स्थिति अन्य जिलों की तुलना में फिलहाल सामान्य बनी हुई है।
जामताड़ा में गैस बुकिंग और केवाईसी कराने के लिए लोग सुबह से ही गैस एजेंसी के बाहर कतार में खड़े नजर आ रहे हैं। लोग समय पर बुकिंग रसीद मिल जाए और सिलेंडर का उठाव कर सकें, इसके लिए काफी परेशान दिख रहे हैं। पहले जहां गैस सिलेंडर की बुकिंग लगभग 21 दिनों में हो जाती थी, वहीं अब यह अवधि बढ़कर करीब 24 दिनों तक पहुंच गई है।
फिलहाल ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण लोग ऑफलाइन तरीके से ही गैस बुक करा रहे हैं। यही वजह है कि गैस एजेंसियों के बाहर लोगों की भीड़ देखी जा रही है। हालांकि जामताड़ा जिले में स्थिति अभी नियंत्रण में है और लोगों को ज्यादा परेशानी नहीं हो रही है।
वहीं गैस एजेंसी के मैनेजर संजय कुमार पाल ने बताया कि अन्य जिलों की स्थिति को देखकर जामताड़ा के लोग भी थोड़े चिंतित हैं। लेकिन यहां हर दिन गैस सिलेंडर की गाड़ी पहुंच रही है और बुकिंग के दूसरे दिन ही लोगों को सिलेंडर उपलब्ध करा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पहले की तुलना में इन दिनों भीड़ जरूर बढ़ गई है, लेकिन सप्लाई सामान्य रूप से जारी है।

















