बुंडू में होली को लेकर प्रशासन अलर्ट, शांति और सौहार्द का संदेश
रांची/बुंडू:होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर सोमवार को रांची के बुंडू थाना परिसर में शांति समिति की बैठक सह होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता बुंडू के एसडीपीओ ओम प्रकाश ने की। इस मौके पर थाना प्रभारी रामकुमार वर्मा, अंचल अधिकारी हंस हेम्ब्रम, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, बुद्धिजीवी एवं विभिन्न समुदायों के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
बैठक में सभी उपस्थित लोगों ने एक स्वर में होली को प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता के साथ मनाने का संकल्प लिया। प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई कि त्योहार के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस और प्रशासन का सहयोग करें तथा किसी भी तरह की अफवाह या भ्रामक सूचना से दूर रहें।
हुड़दंग और अफवाह फैलाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
बैठक के दौरान स्पष्ट किया गया कि होली के दौरान अगर कोई व्यक्ति हुड़दंग करता है, जबरन रंग डालता है, नशे में उत्पात मचाता है या समाज में तनाव फैलाने की कोशिश करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने साफ संदेश दिया कि शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
एसडीपीओ ओम प्रकाश की अपील: शांति भंग हुई तो तुरंत दें सूचना
एसडीपीओ ओम प्रकाश ने बताया कि शांति समिति की बैठक में सभी समुदायों और वर्गों के लोगों की भागीदारी रही और बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। उन्होंने लोगों से अपील की कि होली के दौरान यदि कहीं भी किसी प्रकार की विधि-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न होती है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस प्रशासन को दें।
उन्होंने कहा कि पुलिस हर दृष्टिकोण से यह सुनिश्चित करने का प्रयास कर रही है कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। साथ ही उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति हुड़दंग करता है या समाज में वैमनस्य फैलाने की कोशिश करता है तो उसके खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।
थाना प्रभारी रामकुमार वर्मा का संदेश: भाईचारे के साथ मनाएं होली
थाना प्रभारी रामकुमार वर्मा ने कहा कि होली खुशियों और रंगों का त्योहार है और इसे आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव के साथ मनाया जाना चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि जबरन रंग लगाने, तेज आवाज में डीजे बजाने, नशा कर वाहन चलाने या किसी भी प्रकार की अशांति फैलाने से बचें।
उन्होंने कहा कि पुलिस की टीम त्योहार के दौरान पूरी तरह सतर्क रहेगी और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
होली मिलन समारोह में दिखा सौहार्द का रंग
बैठक के बाद होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें सभी लोगों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान बुंडू नगर के नवनिर्वाचित अध्यक्ष जितेंद्र उरांव को थाना प्रभारी रामकुमार वर्मा द्वारा गुलदस्ता देकर सम्मानित किया गया।
प्रशासन और समाज मिलकर बनाएंगे शांतिपूर्ण माहौल
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि होली के दौरान सभी समुदायों के लोग आपसी समन्वय बनाए रखेंगे और किसी भी तरह की समस्या होने पर तुरंत प्रशासन को सूचित करेंगे। प्रशासन और समाज के संयुक्त प्रयास से इस बार बुंडू में शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में होली मनाने की तैयारी की गई है।

















