जमशेदपुर: जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र अंतर्गत मोनी बाबा मंदिर के पास स्थित एक अपार्टमेंट में शनिवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक फ्लैट की बालकनी में रखा एसी का आउटर अचानक तेज धमाके के साथ फट गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाका इतना जोरदार था कि आसपास के फ्लैटों में भी उसकी आवाज सुनाई दी। धमाके के तुरंत बाद फ्लैट की बालकनी से आग की लपटें उठने लगीं और देखते ही देखते आग ने पूरे फ्लैट को अपनी चपेट में ले लिया।

घटना के समय फ्लैट में मौजूद लोग घबरा गए और किसी तरह अपनी जान बचाते हुए नीचे की ओर भागे। इस दौरान अपार्टमेंट में रहने वाले अन्य लोग भी दहशत में आ गए और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
आग की लपटें और धुएं का गुबार उठता देख स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड और पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के प्रयास में जुट गईं।
फिलहाल दमकल कर्मियों द्वारा आग पर काबू पाने की कोशिश जारी है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, हालांकि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो यह बड़ी घटना में बदल सकती थी।














