रांची: रांची के दशमफॉल थाना क्षेत्र स्थित तैमारा घाटी में मंगलवार तड़के करीब 2:30 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। पुरी से पटना जा रही रिलायंस नामक बस (OD02CS-7657) ने पीछे से एक अज्ञात ट्रक को जोरदार टक्कर मार दी।
जानकारी के अनुसार, अज्ञात ट्रक घाटी पर धीरे-धीरे चढ़ रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही बस ने ट्रक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और ड्राइवर केबिन बुरी तरह दब गया। बस के आगे के कई हिस्से टूटकर अलग हो गए।

इस हादसे में बस के खलासी शंकर भोई (25), ओडिशा निवासी, की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक प्रकाश मल्लिक (37), ओडिशा निवासी, गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक बस के अंदर फंस गए थे, जिन्हें मौके पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला।
इसके बाद घायल चालक को अनुमंडल अस्पताल बुंडू पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया गया।
वहीं पुलिस ने मृतक खलासी के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और अज्ञात ट्रक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

















