रांची: अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर रांची के बुंडू स्थित एमबी स्कूल में एक गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विद्यालय से जुड़े श्रमिकों को सम्मानित कर उनके योगदान को याद किया गया और उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई।
कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय परिवार की ओर से किया गया, जिसमें श्रमिकों के सम्मान को केंद्र में रखा गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती जाहिदा कौसर ने की। इस मौके पर उन्होंने श्रमिकों को अंगवस्त्र और उपहार देकर सम्मानित किया।
अपने संबोधन में प्राचार्या जाहिदा कौसर ने कहा कि “श्रमिक समाज की रीढ़ होते हैं। उनके अथक परिश्रम के बिना किसी भी संस्था या समाज की प्रगति संभव नहीं है। हमें उनके कार्यों का सम्मान करना चाहिए और उनके अधिकारों के प्रति सजग रहना चाहिए।”
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि विधायक प्रतिनिधि अशरफ अंसारी और विशिष्ट अतिथि के रूप में झामुमो के बुंडू प्रखंड उपाध्यक्ष मो. जमील अंसारी उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने श्रमिकों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि श्रमिक समाज और राष्ट्र निर्माण की अहम कड़ी हैं। उनके सम्मान से ही श्रमिक दिवस की सार्थकता सिद्ध होती है।
विद्यालय के प्रशासनिक प्रभारी अब्बास अली ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यालय परिवार अपने सभी सहयोगियों के सम्मान और कल्याण के लिए सदैव तत्पर रहता है। उन्होंने श्रमिकों के समर्पण और मेहनत को सराहते हुए उन्हें धन्यवाद दिया।
कार्यक्रम के दौरान जब श्रमिकों को सम्मानित किया गया तो माहौल भावुक और प्रेरणादायक हो गया। सम्मान पाकर श्रमिकों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी, जिससे कार्यक्रम की गरिमा और बढ़ गई।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण—दीपक सर, जमील सर, ज्योति मैम, फरहा मैम, नरगिस मैम, निशा मैम, शोभिता मैम सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। सभी ने कार्यक्रम को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ समारोह का समापन किया गया। यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए भी एक महत्वपूर्ण संदेश लेकर आया कि समाज में हर कार्य का अपना महत्व है और हर श्रमिक सम्मान का अधिकारी है।

















