आजसू के धरने के बाद हरकत में आया बिजली विभाग, उपभोक्ताओं को मिलने लगी आवेदन की रिसीविंग

By
admin

रांची: रांची के बुंडू में बिजली विभाग द्वारा लगाए जा रहे डिजिटल मीटर के विरोध में शनिवार को आजसू पार्टी के बैनर तले जोरदार प्रदर्शन देखने को मिला। जिला वरीय उपाध्यक्ष राजकिशोर कुशवाहा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में उपभोक्ता बिजली कार्यालय पहुंचे और डिजिटल मीटर हटाने के लिए आवेदन जमा करने लगे।

सुबह से ही उपभोक्ताओं की भीड़ आवेदन लेकर बिजली कार्यालय पहुंचती रही। हालांकि, विभागीय कर्मचारियों ने आवेदन तो स्वीकार किए, लेकिन पावती रसीद देने से साफ इनकार कर दिया। इससे उपभोक्ताओं में भारी आक्रोश फैल गया।

मामले की सूचना मिलते ही राजकिशोर कुशवाहा अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे और कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए। देखते ही देखते प्रदर्शन ने उग्र रूप ले लिया। स्थिति को संभालने के लिए विभाग के एसडीओ को मौके पर पहुंचना पड़ा।

एसडीओ और आजसू नेताओं के बीच हुई वार्ता के बाद विभाग को झुकना पड़ा और तत्काल प्रभाव से आवेदन की विधिवत पावती देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। इसके बाद मौके पर मौजूद सैकड़ों उपभोक्ताओं ने अपने आवेदन जमा कर पावती रसीद प्राप्त की।

राजकिशोर कुशवाहा ने इसे जनता की एकजुटता की जीत बताते हुए कहा कि यह आंदोलन आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से 4 मई को अधिक से अधिक संख्या में बिजली कार्यालय पहुंचकर आवेदन जमा करने की अपील की। साथ ही गलत बिजली बिल सुधार के लिए लगाए जा रहे विशेष कैंप का लाभ उठाने की भी बात कही।

इस दौरान मो. सेराज, रमन सिंह, दीपक साहू, आकाश महतो, अभिषेक गोराई, संदीप साहू, महावीर नंदी, अनूप दत्ता, कालीपद महतो, हरिहर महतो और भयभंजन महतो समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share This Article
error:Content is protected !!