रांची: रांची के तमाड़ स्थित प्लस टू हाई स्कूल के मैदान में की गई अवैध घेराबंदी को आखिरकार प्रशासन ने हटा दिया। यह कार्रवाई बुंडू के एसडीएम किस्टो कुमार बेसरा के निर्देश पर की गई।
बताया जा रहा है कि नवंबर 2025 में तमाड़ के पूर्व राजा के वंशज द्वारा सरकारी स्कूल की जमीन को अपनी निजी जमीन बताते हुए तार और सीमेंट के पोल लगाकर अवैध घेराबंदी कर दी गई थी। जिसका शिक्षकों और ग्रामीणों ने कड़ा विरोध किया था।
मामला पहुंचा एसडीएम कोर्ट, दोनों पक्षों में हुई सुनवाई
मामला बढ़ता देख तमाड़ के अंचल अधिकारी द्वारा इसे बुंडू एसडीएम कोर्ट में भेजा गया, जहां दोनों पक्षों के बीच सुनवाई हुई। कोर्ट में दोनों पक्षों ने अपने-अपने दस्तावेज पेश किए और वकीलों के बीच विस्तृत बहस हुई।
एसडीएम किस्टो कुमार बेसरा ने सुनाया ऐतिहासिक फैसला
एसडीएम किस्टो कुमार बेसरा ने दूरदर्शिता, निष्पक्षता और दृढ़ता का परिचय देते हुए एक अहम और जनहितकारी फैसला सुनाया। उन्होंने पूरे मामले की गहन समीक्षा करते हुए स्कूल के पक्ष में ऐतिहासिक निर्णय दिया, जिससे न सिर्फ स्कूल की जमीन अतिक्रमण मुक्त हुई, बल्कि बच्चों के भविष्य और उनके खेलकूद के अधिकार भी सुरक्षित हुए। यह फैसला प्रशासन की संवेदनशीलता और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता का उदाहरण बनकर सामने आया है।
एसडीएम के आदेश पर हटाई गई अवैध घेराबंदी
एसडीएम के आदेश के बाद प्रतिनियुक्त मजिस्ट्रेट और पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में स्कूल मैदान से अवैध घेराबंदी को विधि-सम्मत तरीके से हटाया गया।
थाना प्रभारी प्रवीण कुमार मोदी की सक्रिय भूमिका
इस दौरान तमाड़ थाना प्रभारी प्रवीण कुमार मोदी सुबह से ही पुलिस बल के साथ मौके पर डटे रहे और पूरे अभियान की लगातार निगरानी करते रहे। उन्होंने पुलिस जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए यह सुनिश्चित किया कि कार्रवाई शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और कानून सम्मत तरीके से पूरी हो।
थाना प्रभारी की सक्रिय मौजूदगी और सतर्कता के कारण पूरा अभियान बिना किसी तनाव के सफलतापूर्वक पूरा किया गया।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई का स्वागत करते हुए इसे न्यायपूर्ण और जनहित में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम बताया है।

















