जमशेदपुर: शहर में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। सोनारी थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक महिला से चैन छिनतई की घटना सामने आई है। बाइक सवार दो अपराधियों ने घर के बाहर वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए।
घर के बाहर बनाया निशाना
मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता जयश्री बोस घर से कचरा फेंककर वापस लौट रही थीं। इसी दौरान पहले से घात लगाए बाइक सवार दो युवक अचानक पहुंचे और उनके गले से सोने की चैन झपट ली। घटना इतनी तेजी से हुई कि महिला संभल भी नहीं पाईं।
चैन बचाने में महिला घायल
चैन बचाने की कोशिश में महिला के गले में गंभीर खरोंच आ गई। घटना के बाद महिला काफी सहम गईं। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है।
CCTV में कैद हुई पूरी घटना
पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में बाइक सवार दोनों अपराधी नजर आ रहे हैं, जिससे उनकी पहचान में पुलिस को मदद मिलने की उम्मीद है।
पुलिस जांच में जुटी, सुरक्षा पर सवाल
घटना की सूचना मिलते ही सोनारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। दिनदहाड़े हुई इस घटना ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

















