सघन छापेमारी अभियान जारी, आगे भी होगी सख्त कार्रवाई : थाना प्रभारी
कोल्हान:सरायकेला जिले के तिरुलडीह थाना क्षेत्र में अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन ट्रैक्टर जब्त किए हैं। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध बालू कारोबारियों के बीच हड़कंप मच गया है।
तिरुलडीह थाना प्रभारी कौशल कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि क्षेत्र में अवैध खनन की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद सघन छापेमारी अभियान चलाया गया। इसी दौरान अवैध रूप से बालू लदे तीन ट्रैक्टर को पकड़कर जब्त कर थाना परिसर में रखा गया है। जब्त ट्रैक्टरों में करीब 300 सीएफटी बालू लदा हुआ था।
हालांकि पुलिस की कार्रवाई के दौरान ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी पहचान करने में जुटी है और संबंधित वाहन मालिकों के खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
थाना प्रभारी ने स्पष्ट कहा कि क्षेत्र में अवैध खनन और परिवहन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आगे भी इसी तरह नियमित रूप से अभियान चलाया जाएगा और अवैध कारोबार में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई के बाद तिरुलडीह और आसपास के क्षेत्रों में अवैध बालू कारोबारियों में दहशत का माहौल है, वहीं स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस पहल को सराहनीय बताया है।

















