नगर निकाय चुनाव 2026: रांची नगर निगम और बुंडू नगर पंचायत में 23 फरवरी को अवकाश, सभी सरकारी दफ्तर और प्रतिष्ठान रहेंगे बंद

मतदान के दिन कर्मचारियों, निजी कर्मियों और दिहाड़ी मजदूरों को भी मिलेगा सवैतनिक अवकाश, प्रशासन ने जारी की विस्तृत गाइडलाइन

By
admin

मतदान को लेकर प्रशासन अलर्ट

रांची/बुंडू:नगर पालिका (आम) निर्वाचन 2026 को लेकर रांची जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जिला जनसम्पर्क कार्यालय, रांची द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 23 फरवरी 2026 (सोमवार) को मतदान के दिन रांची जिले के अंतर्गत आने वाले रांची नगर निगम और नगर पंचायत बुंडू क्षेत्र में विशेष व्यवस्था लागू की गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मतदान के दिन आम मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए व्यापक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

सरकारी कार्यालय और प्रतिष्ठान रहेंगे बंद

प्रशासन द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार 23 फरवरी को संबंधित नगर निकाय क्षेत्रों में स्थित सभी सरकारी कार्यालय, सार्वजनिक उपक्रम, दुकान एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठान पूर्ण रूप से बंद रहेंगे। यह निर्णय निगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट एक्ट, 1881 की धारा-25 के तहत लिया गया है, ताकि अधिक से अधिक लोग मतदान में भाग ले सकें।

निजी कर्मचारियों को भी मिलेगा Paid Leave

प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि कोई मतदाता नगर निकाय क्षेत्र का निवासी है लेकिन किसी अन्य क्षेत्र में कार्यरत है, तो उसके नियोक्ता को मतदान के दिन उसे सवैतनिक अवकाश देना अनिवार्य होगा। यह व्यवस्था निजी कंपनियों, औद्योगिक इकाइयों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर भी लागू होगी।

दिहाड़ी और कैजुअल मजदूरों के लिए विशेष प्रावधान

लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 135B के तहत Daily Wage और Casual Workers को भी मतदान के दिन सवैतनिक अवकाश देने का निर्देश दिया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ऐसे श्रमिकों के वेतन में किसी प्रकार की कटौती नहीं की जाएगी।

मतदान प्रतिशत बढ़ाने की पहल

जिला प्रशासन का कहना है कि यह निर्णय मतदाताओं की भागीदारी बढ़ाने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत करने के उद्देश्य से लिया गया है। अधिकारियों ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने मताधिकार का उपयोग अवश्य करें और स्वच्छ एवं निष्पक्ष चुनाव में सहयोग दें।

शिकायत के लिए हेल्पलाइन जारी

मतदान से संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायत या जानकारी के लिए रांची जिला प्रशासन ने आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर 9430328080 जारी किया है, जिस पर आम लोग अपनी समस्या दर्ज करा सकते हैं।

Share This Article
error:Content is protected !!