तमाड़ में रांची-टाटा राजमार्ग पर बड़ा हादसा. बाइक को बचाने में ट्रक पलटी, रेस्क्यू के दौरान दूसरी बाइक की टक्कर में हाईवे पेट्रोलिंग चालक गंभीर

कुछ ही देर के अंतराल में एक ही जगह दो हादसे. ट्रक स्टाफ को मामूली चोट, पेट्रोलिंग चालक रिम्स रेफर

By
admin

रांची: जमशेदपुर से रांची की ओर जा रही एक ट्रक शनिवार देर शाम तमाड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत गागर सतिया प्रभानगर के समीप रांची-टाटा राजमार्ग पर अनियंत्रित होकर पलट गई. जानकारी के अनुसार ट्रक संख्या जेएच01 सीसी 1822 के सामने अचानक एक बाइक सवार आ गया. बाइक को बचाने के प्रयास में ट्रक चालक ने नियंत्रण खो दिया और डिवाइडर पर चढ़ गया. इससे ट्रक पलटी हो गई.

इस हादसे में ट्रक के चालक और उसमें सवार स्टाफ को मामूली चोटें आई हैं. स्थानीय लोगों की सूचना पर तमाड़ पुलिस मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया. पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग की टीम पलटी हुई ट्रक को हटाने और सड़क को खाली कराने में जुटी हुई थी, ताकि यातायात सामान्य किया जा सके.

इसी दौरान मौके पर एक और हादसा हो गया. रेस्क्यू कार्य के दौरान एक बाइक पर सवार दो लोग अनियंत्रित होकर वहां मौजूद हाईवे पेट्रोलिंग चालक से टकरा गए. इस टक्कर में हाईवे पेट्रोलिंग थाना के चालक गंभीर रूप से घायल हो गए.

घटना के बाद घायल चालक को तत्काल तमाड़ अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए रिम्स रांची रेफर कर दिया. वहीं बाइक सवार दोनों लोगों को मामूली चोटें आई हैं.

दोहरा हादसा होने के कारण कुछ समय के लिए रांची-टाटा राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा. हालांकि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पलटी ट्रक को सड़क से हटवाया और यातायात को सामान्य कराया.

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.

Share This Article
error:Content is protected !!