रांची/सिल्ली:झारखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में गुरुवार को एसीबी की टीम ने रांची के सिल्ली अंचल कार्यालय में कार्यरत अमीन गणेश महतो को 8 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के बाद अंचल कार्यालय में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, लोवादाग निवासी वासुदेव महतो ने अपनी जमीन की नापी और उससे संबंधित रिपोर्ट व नक्शा प्राप्त करने के लिए 16 दिसंबर 2025 को ऑनलाइन आवेदन दिया था। 10 फरवरी 2026 को जमीन की मापी कर दी गई थी, लेकिन इसके बाद रिपोर्ट और नक्शा जारी करने के एवज में अमीन द्वारा पैसों की मांग की जा रही थी।

पहले 12,500 रुपये की मांग, 8 हजार में तय हुई राशि
फरियादी के अनुसार, अमीन ने शुरुआत में 12,500 रुपये की मांग की थी। बाद में बातचीत के बाद रिश्वत की रकम 8 हजार रुपये तय हुई। लगातार पैसे की मांग से परेशान होकर फरियादी ने इसकी लिखित शिकायत एसीबी, रांची में दर्ज कराई।

शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले की गोपनीय सत्यापन जांच कराई, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद टीम ने आरोपी को पकड़ने के लिए ट्रैप की योजना बनाई।
गैराज के पास होटल में बुलाकर ली घूस, भागने की कोशिश में दबोचा गया
एसीबी की टीम गुरुवार को सुबह ही सिल्ली पहुंच गई थी और गुप्त रूप से निगरानी कर रही थी। आरोपी ने फरियादी को अंचल कार्यालय के बजाय स्टेडियम के पास स्थित एक गैराज के समीप होटल में पैसे लेकर आने को कहा था।

जैसे ही फरियादी ने तय राशि आरोपी को सौंपी, एसीबी की टीम ने उसे मौके पर पकड़ लिया। इस दौरान आरोपी ने भागने की कोशिश भी की, लेकिन पहले से मौजूद अधिकारियों ने उसे दबोच लिया।
प्राइवेट अमीन की भूमिका भी जांच के दायरे में
एसीबी अधिकारियों के अनुसार, इस मामले में कुछ प्राइवेट अमीन की संलिप्तता की भी जानकारी सामने आई है। हालांकि वे इस कार्रवाई के दौरान पकड़े नहीं जा सके, लेकिन उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को सिल्ली थाना लाया गया, जहां आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। उसकी मोटरसाइकिल को जब्त कर थाना के सुपुर्द कर दिया गया। इसके बाद एसीबी की टीम आरोपी को अपने साथ रांची ले गई है। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

















