राँची: रांची के बुंडू अनुमंडल क्षेत्र में स्मार्ट मीटर को लेकर जनता का विरोध लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में आजसू पार्टी ने बिजली विभाग के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए स्मार्ट मीटर हटाने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा है।
आजसू पार्टी के राँची जिला वरीय उपाध्यक्ष राज किशोर कुशवाहा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने बिजली विभाग के प्रबंधक/महाप्रबंधक एवं सहायक अभियंता (बुंडू) से मुलाकात कर अपनी मांगों को रखा।
ज्ञापन के माध्यम से बुंडू, राहे, सोनाहातू और तमाड़ क्षेत्र में लगाए जा रहे स्मार्ट मीटरों को तत्काल हटाने और बिजली बिलों में हो रही गड़बड़ियों को दूर करने की मांग की गई।
स्मार्ट मीटर से बढ़े बिजली बिल, ग्रामीणों में नाराजगी
प्रतिनिधिमंडल ने विभाग को अवगत कराया कि ग्रामीण क्षेत्रों में बिना सहमति के स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। मीटर लगने के बाद से उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग द्वारा गलत और अनुमानित आधार पर भारी-भरकम बिल भेजे जा रहे हैं, जिससे आर्थिक बोझ बढ़ रहा है और आम लोग परेशान हैं।
पहले भी हो चुका है विरोध, नहीं हुई कार्रवाई
राज किशोर कुशवाहा ने कहा कि इस मुद्दे को लेकर पूर्व में भी विभाग को अवगत कराया गया था। 13 सितंबर 2025 को आवेदन दिया गया था और नवंबर माह में धरना-प्रदर्शन भी किया गया, लेकिन इसके बावजूद विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
उन्होंने यह भी कहा कि स्मार्ट मीटर लगाना अनिवार्य नहीं है, इसके बावजूद विभाग नियमों की अनदेखी कर रहा है।
बिजली विभाग ने दिया आश्वासन, लगेगा समाधान कैंप
बिजली विभाग के प्रबंधक ने प्रतिनिधिमंडल की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि बुंडू क्षेत्र में जल्द ही विशेष कैंप लगाया जाएगा।
उन्होंने अपने अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देश दिया कि बढ़े हुए और गलत बिजली बिलों का त्वरित समाधान किया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
मांग नहीं मानी गई तो होगा उग्र आंदोलन
राज किशोर कुशवाहा ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि विभाग जल्द ही स्मार्ट मीटर हटाने और बिल सुधारने पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेता है, तो आजसू पार्टी ग्रामीणों के साथ मिलकर उग्र आंदोलन करेगी।
इस दौरान सैकड़ों ग्रामीणों के हस्ताक्षर युक्त ज्ञापन भी विभाग को सौंपा गया।
इस प्रतिनिधिमंडल में आकाश कुमार, सुनील कुम्हार, तपन कोइरी, शुखसारण महतो, अभिषेक गोराई, आकाश बिट के साथ बीजेपी के वरिष्ठ नेता दीपक साहू, रंजीत लहरी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

















