खूंटी में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: 30 लाख का अफीम और 6 लाख का डोडा बरामद, 4 तस्कर गिरफ्तार

गुप्त सूचना पर पुलिस की छापेमारी, एसपी मनीष टोप्पो ने किया खुलासा

By
admin

खूंटी: झारखंड के खूंटी जिले में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध अफीम तस्करी का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने छापेमारी कर करीब 30 लाख रुपये मूल्य का अफीम और 6 लाख रुपये का डोडा जब्त किया है। इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

गुप्त सूचना पर जरीयागढ़ थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई

खूंटी जिले के जरीयागढ़ थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के गाड़ी गांव में कुछ लोग अवैध रूप से अफीम की खेती कर रहे हैं और उसे बेचने के उद्देश्य से अपने घरों में छिपाकर रखे हुए हैं।

सूचना के आधार पर वरीय अधिकारियों के निर्देश पर तोरपा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। इसके बाद पुलिस ने संतोष आईंन्द के घर पर छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान घर से कुल 39.78 किलो डोडा बरामद किया गया। इसके बाद संतोष आईंन्द की निशानदेही पर जीवन जशमन आईंन्द उर्फ लेबरे के घर पर तलाशी ली गई, जहां से प्लास्टिक की बाल्टी में छिपाकर रखा गया 6.320 किलो अफीम बरामद हुआ।

एसपी मनीष टोप्पो ने बताया कैसे हुआ पूरे नेटवर्क का खुलासा

खूंटी के एसपी मनीष टोप्पो ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी, जिसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की गई।

उन्होंने बताया कि छापेमारी के दौरान पहले एक आरोपी के घर से डोडा बरामद हुआ, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर दूसरे स्थान से अफीम बरामद किया गया।

एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में अवैध अफीम की खेती और तस्करी में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। साथ ही उनकी निशानदेही पर आसपास के खेतों में लगी अफीम की फसल को भी नष्ट किया गया है।

चार तस्कर गिरफ्तार, अवैध खेती का भी हुआ खुलासा

पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें:

– संतोष आईंन्द (22 वर्ष)

– जीवन जशमन आईंन्द उर्फ लेबरे (53 वर्ष)

– महादेव टुटी उर्फ मनीष (25 वर्ष)

– जाठा संगा उर्फ सुकरा संगा (50 वर्ष)

सभी आरोपी खूंटी जिले के अलग-अलग गांवों के रहने वाले हैं।

बरामदगी

– डोडा: 39.78 किलो (अनुमानित कीमत – 6 लाख रुपये)

– अफीम: 6.320 किलो (अनुमानित कीमत – 30 लाख रुपये)

फिलहाल पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में छापेमारी जारी है।

Share This Article
error:Content is protected !!