रांची/बुंडू:नगर पंचायत चुनाव को लेकर रांची के बुंडू में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। अध्यक्ष पद के प्रत्याशी जितेंद्र उरांव लगातार जनसंपर्क अभियान के माध्यम से नगरवासियों के बीच पहुंच रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने बुंडू स्थित मिलन मंदिर सभागार में नगर के बुद्धिजीवियों, व्यवसायियों और विभिन्न वर्गों के लोगों के साथ एक बैठक कर अपने विचार और विकास की योजनाएं साझा कीं।
बैठक के दौरान सभागार में बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे। इस अवसर पर जितेंद्र उरांव ने कहा कि वे बुंडू के सर्वांगीण विकास के संकल्प के साथ चुनाव मैदान में उतरे हैं और जनता का विश्वास जीतकर नगर को नई दिशा देना चाहते हैं।
“एक मौका दीजिए, पांच साल तक शिकायत का अवसर नहीं मिलेगा” – जितेंद्र उरांव
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि यदि उन्हें एक बार जनता का समर्थन मिलता है, तो वे अगले पांच वर्षों तक ऐसा कार्य करेंगे कि लोगों को शिकायत का मौका नहीं मिलेगा। उन्होंने कहा कि उनकी सबसे पहली प्राथमिकता बुंडू अस्पताल में 24 घंटे स्वास्थ्य सेवा बहाल कराना है, ताकि स्थानीय लोगों को इलाज के लिए बाहर न जाना पड़े।
बस स्टैंड, सड़क और नाली व्यवस्था में होगा सुधार
जितेंद्र उरांव ने कहा कि बुंडू में व्यवस्थित बस स्टैंड का अभाव है, जिसके कारण सड़क पर ही वाहनों का संचालन होता है और दुर्घटना का खतरा बना रहता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि चुनाव जीतने के बाद आधुनिक और सुव्यवस्थित बस स्टैंड का निर्माण कराया जाएगा। इसके साथ ही नगर में पक्की सड़क और नाली का निर्माण तथा पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में काम किया जाएगा। जरूरतमंद परिवारों को पानी कनेक्शन की सुविधा देने की भी बात उन्होंने कही।

युवाओं और नगर सौंदर्यीकरण पर विशेष जोर
जितेंद्र उरांव ने कहा कि नगर के युवाओं के लिए एक बड़े स्टेडियम का निर्माण कराया जाएगा, ताकि खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिल सके। इसके अलावा बड़े तालाब का सौंदर्यीकरण कर उसे आकर्षक और उपयोगी बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि वे जमीन से जुड़े व्यक्ति हैं और हमेशा आम लोगों के बीच रहकर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए काम करेंगे।

सभी वर्गों से मिल रहा समर्थन
जितेंद्र उरांव ने कहा कि उन्हें नगर के सभी वर्गों का व्यापक समर्थन मिल रहा है। उन्होंने नगरवासियों से अपील करते हुए कहा कि बुंडू के विकास और बेहतर भविष्य के लिए उन्हें अपना आशीर्वाद और सहयोग दें।
इस अवसर पर हर्षवर्धन शर्मा, श्याम सुंदर चक्रवर्ती, उज्जवल कुमार, प्रदीप मुंडा, सुरेंद्र छुआ, बप्पी देव, रवि गंझू, अवधेश चौधरी, संतोष कुमार, बबलू कुमार सहित सैकड़ों नगरवासी उपस्थित थे।

















