रांची: ग्रामीण क्षेत्रों में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करने और नियमित रक्तदान शिविरों के माध्यम से रक्तदान को बढ़ावा देने के कार्य के लिए जय हो सेवा संस्था को सदर अस्पताल रांची के ब्लड सेंटर द्वारा सम्मानित किया गया है। रांची में आयोजित सम्मान समारोह में संस्था के पदाधिकारियों ने सम्मान ग्रहण किया।
सम्मान समारोह में जय हो सेवा संस्था की ओर से अध्यक्ष पवन महतो, सदस्य धनेश महतो, मोहम्मद सेराज, मनोज पाठक और रमन सिंह मौजूद रहे। संस्था को रक्तदान जागरूकता अभियान में किए गए योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
संस्था के संस्थापक राजकिशोर कुशवाहा ने कहा कि यह सम्मान संस्था द्वारा आयोजित रक्तदान शिविरों में रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं और पूरे पांचपरगना क्षेत्र की जनता को समर्पित है। उन्होंने कहा कि लोगों के सहयोग और सहभागिता से ही संस्था रक्तदान जैसे सामाजिक अभियान को लगातार आगे बढ़ा रही है।
राजकिशोर कुशवाहा ने बताया कि पांचपरगना क्षेत्र में सबसे पहले रक्तदान शिविर आयोजित करने की शुरुआत जय हो सेवा संस्था ने की थी। इसके बाद संस्था लगातार रक्तदान शिविर और जागरूकता अभियान चलाती रही। उन्होंने कहा कि संस्था के प्रयासों से प्रेरित होकर अब क्षेत्र के अन्य सामाजिक संगठन भी समय-समय पर रक्तदान शिविर आयोजित कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि विभिन्न संगठनों के सामूहिक प्रयासों का सकारात्मक असर यह हुआ है कि अब क्षेत्र के जरूरतमंद मरीजों को पहले की तुलना में समय पर रक्त उपलब्ध कराने में काफी सुविधा हो रही है। रक्तदान के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ने से स्वैच्छिक रक्तदाताओं की संख्या में भी इजाफा हुआ है।
संस्था के पदाधिकारियों ने सम्मान के लिए सदर अस्पताल रांची के ब्लड सेंटर प्रबंधन के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी संस्था रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करने और जरूरतमंद मरीजों की सहायता के उद्देश्य से अपने अभियान को जारी रखेगी।

















