मुहर्रम को लेकर बुंडू में सुरक्षा का सख्त पहरा, पुलिस-प्रशासन का फ्लैग मार्च; ड्रोन से निगरानी, उपद्रवियों को कड़ी चेतावनी: माहौल बिगाड़ने वालों पर पुलिस की सख्त चेतावनी

एसडीएम मोहन लाल मरांडी ने शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की, डीएसपी ओमप्रकाश बोले- उपद्रवियों और अफवाह फैलाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई।

By
admin

रांची: मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को रांची के बुंडू नगर क्षेत्र में पुलिस-प्रशासन ने संयुक्त रूप से फ्लैग मार्च निकाला। फ्लैग मार्च का नेतृत्व अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) मोहन लाल मरांडी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (डीएसपी) ओमप्रकाश, अंचलाधिकारी (सीओ) हांस हेंब्रम तथा बुंडू थाना प्रभारी जयदीप टोप्पो ने किया। फ्लैग मार्च में बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल रहे।

फ्लैग मार्च बुंडू नगर के प्रमुख चौक-चौराहों, बाजार क्षेत्र, संवेदनशील इलाकों तथा मुहर्रम जुलूस के निर्धारित मार्ग से होकर गुजरा। इस दौरान पुलिस-प्रशासन ने लोगों से शांति, भाईचारा और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की। साथ ही अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया।

सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए फ्लैग मार्च के दौरान जुलूस मार्ग पर पड़ने वाले मकानों की छतों एवं आसपास के क्षेत्रों की ड्रोन कैमरे से निगरानी की गई। अधिकारियों ने ड्रोन के माध्यम से पूरे रूट का जायजा लेकर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया और संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एसडीएम बोले- शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें

अनुमंडल पदाधिकारी मोहन लाल मरांडी ने कहा कि मुहर्रम पर्व आपसी भाईचारे और अनुशासन का प्रतीक है। इसे सभी समुदायों के सहयोग से शांतिपूर्ण वातावरण में मनाया जाए। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर विश्वास न करें, सोशल मीडिया पर भ्रामक या अपुष्ट संदेश साझा करने से बचें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन या पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि पर्व को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

डीएसपी बोले- कानून हाथ में लेने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ओमप्रकाश ने कहा कि मुहर्रम के दौरान कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले असामाजिक एवं उपद्रवी तत्वों के खिलाफ पुलिस पूरी सख्ती से कार्रवाई करेगी। सोशल मीडिया के माध्यम से अफवाह फैलाने, भड़काऊ संदेश प्रसारित करने या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी। ऐसे लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा ड्रोन कैमरे सहित आधुनिक संसाधनों का उपयोग कर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाया गया है।

मुहर्रम को लेकर पुलिस-प्रशासन ने नगर क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। अधिकारियों ने भरोसा जताया कि आम लोगों के सहयोग से पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न होगा।

Share This Article
error:Content is protected !!