बुंडू: पाँचपरगना क्षेत्र के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान साउथ प्वाइंट पब्लिक स्कूल ने एक बार फिर सीबीएसई 10वीं बोर्ड परीक्षा के परिणाम में शानदार प्रदर्शन करते हुए सफलता का परचम लहराया है। विद्यालय के मेधावी छात्र हर्ष जायसवाल ने 91.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर बुंडू अनुमंडल टॉपर बनने का गौरव हासिल किया है।
हर्ष की इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार में खुशी का माहौल है, बल्कि पूरे क्षेत्र में गर्व का माहौल देखने को मिल रहा है। हर्ष ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपनी माता रेखा देवी, पिता जयप्रकाश जायसवाल, अपनी बड़ी बहन, शिक्षकों और दोस्तों को दिया है। साथ ही उन्होंने विद्यालय के प्राचार्य सुभाष कुमार पाटनी के मार्गदर्शन की विशेष सराहना करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया।
विद्यालय के अन्य छात्रों ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए साउथ प्वाइंट का नाम रोशन किया है। नयन गुप्ता ने 91.2 प्रतिशत, अमन प्रजापति ने 90.8 प्रतिशत, अमन कुशवाहा ने 90 प्रतिशत और अनु क्लोरेन्स मुंडा ने 90 प्रतिशत अंक प्राप्त कर 90 प्रतिशत से अधिक अंक पाने वाले छात्रों की सूची में अपनी जगह बनाई है।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, इस वर्ष कुल पांच छात्रों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल किए हैं, जो स्कूल के लिए गर्व की बात है। प्राचार्य सुभाष कुमार पाटनी ने हर्ष को एक मेहनती और अनुशासित छात्र बताते हुए कहा कि यह सफलता उसकी लगन और निरंतर परिश्रम का परिणाम है।
विद्यालय के सभी शिक्षकों ने छात्रों की इस उपलब्धि पर खुशी जताई और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। शिक्षकों का कहना है कि छात्रों की यह सफलता आने वाले वर्षों के लिए अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनेगी।
पाँचपरगना क्षेत्र में साउथ प्वाइंट पब्लिक स्कूल का यह प्रदर्शन एक बार फिर यह साबित करता है कि सही मार्गदर्शन और मेहनत से सफलता हासिल की जा सकती है।

















