रांची: रांची के बुंडू मे बिजली विभाग द्वारा आयोजित बिल सुधार कैंप में सोमवार को बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं की भीड़ उमड़ी। स्मार्ट मीटर हटाने और बिजली बिल में सुधार की मांग को लेकर करीब 350 लोगों ने आवेदन जमा किया। हालांकि, कैंप में मौके पर समस्याओं का समाधान नहीं होने से लोगों में नाराजगी देखी गई।
ग्रामीणों के अनुसार, वे कड़ी धूप में घंटों लाइन में खड़े रहे, लेकिन विभाग की ओर से सिर्फ आवेदन लेकर ‘रिसीविंग’ दी गई। मौके पर किसी भी उपभोक्ता के बिल में तत्काल सुधार नहीं किया गया, जिससे लोगों को निराशा हाथ लगी।
कैंप में ऑन-द-स्पॉट समाधान नहीं मिलने से बढ़ी परेशानी
कई उपभोक्ताओं का कहना है कि कैंप का उद्देश्य त्वरित समाधान होना चाहिए था, लेकिन प्रक्रिया सिर्फ आवेदन लेने तक सीमित रही। भीड़ अधिक होने के कारण कुछ लोग आवेदन देने से भी वंचित रह गए।
राजकिशोर कुशवाहा ने बताया
“कैंप का उद्देश्य मौके पर समाधान होना चाहिए” – राजकिशोर कुशवाहा
मौके पर पहुंचे आजसू नेता राजकिशोर कुशवाहा ने कैंप की व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने बताया कि उपभोक्ताओं की समस्याओं का तत्काल समाधान नहीं होना चिंताजनक है। इस संबंध में उन्होंने बिजली विभाग के जीएम से फोन पर बात कर स्थिति की जानकारी दी और सुधार की मांग की।
बताया जा रहा है कि विभागीय स्तर पर इस मामले को लेकर अधिकारियों से बातचीत की गई है और व्यवस्था सुधारने का आश्वासन दिया गया है।
स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने मांग की है कि विभाग जल्द ही दोबारा कैंप आयोजित करे, ताकि छूटे हुए उपभोक्ताओं के आवेदन लिए जा सकें। साथ ही अगले कैंप में तकनीकी माध्यम से मौके पर ही बिल सुधार सुनिश्चित करने की भी बात कही गई है। स्मार्ट मीटर को लेकर भी स्पष्टता की मांग उठी है।
फिलहाल, कैंप में सामने आई इस स्थिति को लेकर उपभोक्ताओं में असंतोष बना हुआ है और लोग जल्द समाधान की उम्मीद कर रहे हैं।

















