सिम्बायोसिस पब्लिक स्कूल बुंडू में सड़क सुरक्षा का पाठ, डीटीओ-एसडीएम ने बच्चों को किया जागरूक

हेलमेट, सीट बेल्ट और ट्रैफिक नियमों की जानकारी देकर छात्रों को जिम्मेदार नागरिक बनने का दिया संदेश

By
admin

रांची: रांची के बुंडू मे सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत गुरुवार को सिम्बायोसिस पब्लिक स्कूल, बुंडू में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जिला परिवहन पदाधिकारी अखिलेश कुमार और अनुमंडल पदाधिकारी किस्टो कुमार बेसरा ने छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी।

सिम्बायोसिस पब्लिक स्कूल में जागरूकता अभियान, बच्चों को दिए गए जरूरी टिप्स

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने बच्चों को हेलमेट पहनने की अनिवार्यता, सीट बेल्ट के उपयोग, सड़क पार करने के सुरक्षित तरीकों और यातायात संकेतों के पालन के महत्व के बारे में बताया। साथ ही ओवरस्पीडिंग और मोबाइल फोन के उपयोग से होने वाले हादसों के जोखिमों को भी सरल भाषा में समझाया गया।

लापरवाही बनती है हादसों की वजह – डीटीओ अखिलेश कुमार

जिला परिवहन पदाधिकारी अखिलेश कुमार ने कहा कि अधिकांश सड़क दुर्घटनाएं लापरवाही के कारण होती हैं। खासकर युवाओं में हेलमेट नहीं पहनना और तेज गति से वाहन चलाना गंभीर समस्या है। उन्होंने कहा कि बच्चों के माध्यम से समाज में जागरूकता फैलाना बेहद प्रभावी कदम है, जिससे परिवार और समुदाय तक सड़क सुरक्षा का संदेश पहुंचेगा।

जिम्मेदार नागरिक बनने की सीख – एसडीएम किस्टो कुमार बेसरा

अनुमंडल पदाधिकारी किस्टो कुमार बेसरा ने अपने संबोधन में कहा कि आज के बच्चे ही कल के जिम्मेदार नागरिक हैं। यदि अभी से उन्हें यातायात नियमों की सही जानकारी दी जाए, तो भविष्य में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है। उन्होंने बच्चों को नियमों का पालन करने और दूसरों को भी जागरूक करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और सड़क सुरक्षा से जुड़े कई सवाल पूछे। अधिकारियों ने उनके सभी सवालों का विस्तार से जवाब दिया।

इस जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों के बीच यातायात अनुशासन और सड़क सुरक्षा के प्रति सकारात्मक संदेश प्रसारित हुआ।

Share This Article
error:Content is protected !!