पत्थर से सिर फोड़ा, तमाड़ में युवक पर हमला . कुरचुडीह में ग्रामीणों का विरोध, क्रेशर कर्मियों पर आरोप

हमले के बाद गांव में आक्रोश . बैठक कर दोषियों पर कार्रवाई और क्रेशर बंद करने की मांग

By
admin

रांची: रांची के तमाड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत कुरचुडीह गांव में सोमवार की रात एक युवक पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है. घटना के बाद पूरे गांव में आक्रोश का माहौल है और ग्रामीणों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है .

मिली जानकारी के अनुसार कुरचुडीह गांव निवासी अमित कुमार महतो सोमवार की रात करीब 8 बजे ट्रैक्टर से अपने घर लौट रहा था. इसी दौरान गांव से करीब 600 से 700 मीटर की दूरी पर स्थित सिद्धिविनायक माइनिंग एंड मिनरल प्राइवेट लिमिटेड के क्रेशर के पास सड़क पर खड़े कुछ कर्मियों से उसका विवाद हो गया. रास्ता खाली करने को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते झड़प में बदल गई.

पीड़ित द्वारा तमाड़ थाना में दिए गए आवेदन के अनुसार, वहां मौजूद तीन लोगों, जिनमें एक हाईवा चालक भी शामिल था, ने उसके साथ मारपीट की. बताया गया है कि एक व्यक्ति के हाथ में डंडा था, जबकि अन्य ने उसे पकड़ लिया. इसी दौरान लगभग पांच किलो वजनी पत्थर से उसके सिर पर वार किया गया, जिससे उसका सिर फट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया.

घटना के दौरान शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद वह किसी तरह वहां से बचकर घर पहुंचा. बाद में सूचना मिलने पर तमाड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तमाड़ ले जाया गया. जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे घर भेज दिया गया.

घटना के बाद मंगलवार को कुरचुडीह गांव में ग्रामीणों की एक अहम बैठक आयोजित की गई. बैठक में महिला, पुरुष, बुजुर्ग और युवा बड़ी संख्या में शामिल हुए . ग्रामीणों ने एक स्वर में घटना की निंदा करते हुए कहा कि दोषियों की पहचान कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए और मामले में प्राथमिकी दर्ज की जाए.

बैठक में गांव के पास संचालित क्रेशर को लेकर भी नाराजगी खुलकर सामने आई. ग्रामीणों का कहना है कि क्रेशर में होने वाली ब्लास्टिंग से पूरे गांव में तेज कंपन महसूस होता है. बच्चे डरकर उठ जाते हैं, घरों की छतों में लगे अलबेस्टर हिलने लगते हैं और कई मकानों की दीवारों में दरारें पड़ चुकी हैं. इससे लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है.

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गांव के इतने करीब संचालित क्रेशर को तत्काल प्रभाव से बंद किया जाए और गांववासियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए.

इधर, पीड़ित द्वारा मंगलवार को तमाड़ थाना में आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई है . फिलहाल पूरे मामले में पुलिस की कार्रवाई पर ग्रामीणों की नजर टिकी हुई है.

Share This Article
error:Content is protected !!