रांची: रांची के बुंडू स्थित एम.बी. स्कूल में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत पूरे उत्साह और पारंपरिक अंदाज में की गई। पहले ही दिन विद्यालय प्रबंधन ने अनोखी पहल करते हुए मुख्य द्वार पर सभी विद्यार्थियों का चंदन टीका लगाकर स्वागत किया, जिससे स्कूल का माहौल पूरी तरह उत्सव में बदल गया।
सुबह से ही छात्र-छात्राएं नए बैग, नई किताबें और बड़े सपनों के साथ स्कूल पहुंचे। परिसर को रंग-बिरंगे सजावट से आकर्षक बनाया गया था, जिससे बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। छोटे बच्चों में नए क्लास और नए माहौल को लेकर अलग ही खुशी नजर आई।
विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती ज़ाहिदा कौसर ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि अनुशासन, समय का सही उपयोग और लगातार मेहनत ही सफलता की असली पहचान है। उन्होंने छात्रों को लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
इस मौके पर विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने बच्चों का गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें नए सत्र में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
नए सत्र के पहले दिन स्कूल में सकारात्मक ऊर्जा, उत्साह और उम्मीदों का माहौल देखने को मिला, जो आने वाले शैक्षणिक सत्र के लिए एक शुभ संकेत माना जा रहा है।

















