खूँटी: झारखंड के खूँटी जिले में रामनवमी शोभायात्रा के दौरान हुए पथराव के बाद माहौल लगातार गरमाया हुआ है। प्रशासन की कार्रवाई के विरोध में रामनवमी महासमिति और हिंदू संगठनों के नेतृत्व में बंद का आह्वान किया गया, जिसका असर जिले के विभिन्न इलाकों में देखने को मिला।
इसी कड़ी में नेताजी चौक के पास बड़ी संख्या में लोग जुटे और धरना प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि मामले में एकतरफा कार्रवाई करते हुए निर्दोष लोगों को फंसा दिया गया है, जबकि असली दोषियों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
धरना और बंद के जरिए विरोध
प्रदर्शन के दौरान लोग धरना दे रहे थे और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। लोगों ने प्रशासन से मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और निर्दोष लोगों को तत्काल रिहा किया जाए।
प्रियांक भगत ने क्या कहा
चैंबर ऑफ कॉमर्स के जिलाध्यक्ष प्रियांक भगत ने कहा कि पूरे मामले में हिंदू समाज के लोगों को गलत तरीके से फंसाया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना ठोस जांच के निर्दोष लोगों पर केस दर्ज कर दिया गया है, जो पूरी तरह गलत है।
उन्होंने कहा कि प्रशासन को निष्पक्षता के साथ जांच करनी चाहिए और जिन लोगों का इस घटना से कोई लेना-देना नहीं है, उन्हें तुरंत रिहा किया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि व्यापारी वर्ग इस कार्रवाई से काफी आहत है और न्याय की मांग को लेकर आंदोलन का समर्थन कर रहा है।
मशाल जुलूस में फूटा गुस्सा
इसी विरोध के तहत देर शाम सैकड़ों की संख्या में लोग सड़कों पर मशाल लेकर उतरे और प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। मशाल जुलूस के दौरान भी लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला और नारेबाजी के जरिए विरोध दर्ज कराया गया।
इस दौरान प्रियांक भगत ने कहा कि आज हम लोगों ने मशाल जुलूस निकाला है। प्रशासन ने निर्दोष लोगों को फंसाने का काम किया है, जो बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जब तक निर्दोष लोगों को न्याय नहीं मिलता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
आंदोलन जारी रहने का ऐलान
प्रदर्शनकारियों ने साफ किया कि यह आंदोलन आगे भी जारी रहेगा। साथ ही यह भी ऐलान किया गया कि कल भी खूँटी बंद रहेगा। बंद, धरना और मशाल जुलूस के जरिए लोगों ने निष्पक्ष कार्रवाई की मांग दोहराई है।
फिलहाल खूँटी में स्थिति को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड पर है और पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।

















