खूँटी: जिले में आने वाले ईद, सरहुल और रामनवमी पर्व को देखते हुए खूँटी पुलिस अलर्ट मोड में है। सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की अफवाह या भड़काऊ पोस्ट से माहौल खराब न हो, इसके लिए पुलिस द्वारा विशेष निगरानी रखी जा रही है।
पुलिस की तकनीकी शाखा द्वारा व्हाट्सएप समूह, फेसबुक पोस्ट सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर नजर रखी जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की भड़काऊ, आपत्तिजनक या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली पोस्ट साझा करने से बचें।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई व्यक्ति सोशल मीडिया के माध्यम से फर्जी खबर या भड़काऊ संदेश फैलाता है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं किसी व्हाट्सएप समूह में इस तरह की पोस्ट होने पर समूह प्रशासक की जिम्मेदारी भी तय की जा सकती है।
एसडीपीओ वरुण रजक बोले – अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वरुण रजक ने बताया कि त्योहारों को देखते हुए सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग जानबूझकर अफवाह फैलाकर माहौल खराब करने की कोशिश करते हैं, ऐसे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने लोगों से अपील की है कि सभी नागरिक त्योहारों को शांति और भाईचारे के साथ मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध या भड़काऊ पोस्ट की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

















