खूंटी: खूंटी जिले के अड़की थाना क्षेत्र में रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अड़की-कुचाई मुख्य मार्ग पर तेज मोड़ के पास मिर्च से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रक में मौजूद खलासी गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के मोहम्मदपुर निवासी 32 वर्षीय श्रवण कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि श्रवण कुमार ट्रक का मालिक भी था और वही ट्रक चला रहा था।
तीखे मोड़ पर अनियंत्रित हुआ ट्रक
मिली जानकारी के अनुसार मिर्च से लदा टाटा ट्रक ओडिशा से मिर्च लेकर उत्तर प्रदेश की ओर जा रहा था। इसी दौरान अड़की थाना क्षेत्र के बड़ानी घाटी स्थित थोड़ीहातू के पास एक खतरनाक मोड़ पर ट्रक का संतुलन बिगड़ गया। संतुलन बिगड़ते ही ट्रक सड़क किनारे पलट गया और चालक वाहन के नीचे दब गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
खलासी को भी आई गंभीर चोटें
दुर्घटना में ट्रक में मौजूद खलासी पावन भी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटना की सूचना दी। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायल खलासी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
अंधेरा और क्रेन की व्यवस्था नहीं होने से बढ़ी परेशानी
घटना की सूचना मिलते ही अड़की थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। लेकिन रात का समय होने और क्रेन की व्यवस्था नहीं होने के कारण ट्रक के नीचे दबे चालक को निकालने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
करीब 18 घंटे बाद निकाला गया चालक का शव
सोमवार दोपहर क्रेन मंगवाकर पलटे हुए ट्रक को सीधा किया गया। इसके बाद करीब 18 घंटे बाद चालक का शव ट्रक के नीचे से बाहर निकाला जा सका।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए खूंटी सदर अस्पताल भेज दिया है। साथ ही मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बड़ानी घाटी का यह मोड़ काफी खतरनाक है और यहां पहले भी कई सड़क हादसे हो चुके हैं। लोगों ने प्रशासन से इस इलाके में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

















