रांची/बुंडू:नगर पंचायत चुनाव को लेकर रांची के बुंडू में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। अध्यक्ष पद के कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी शंकर सिंह मुंडा उर्फ भोलू के समर्थन में खूंटी लोकसभा क्षेत्र के सांसद कालीचरण मुंडा एवं कांके विधायक सुरेश बैठा ने संयुक्त रूप से शहरी क्षेत्र में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान नेताओं ने बाजार, प्रमुख चौक-चौराहों, मोहल्लों और आवासीय क्षेत्रों का दौरा कर मतदाताओं से सीधे संवाद किया तथा 23 फरवरी को होने वाले मतदान में शंकर सिंह मुंडा के पक्ष में समर्थन देने की अपील की।
जनसंपर्क अभियान के दौरान आम लोगों में चुनाव को लेकर उत्साह देखा गया। जगह-जगह स्थानीय लोगों ने नेताओं का स्वागत किया और नगर की समस्याओं से भी अवगत कराया। नेताओं ने आश्वासन दिया कि नगर पंचायत के समग्र विकास, पारदर्शी प्रशासन और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता है।
नेताओं ने कहा कि बुंडू नगर को एक सक्षम, कर्मठ और जनभावनाओं को समझने वाले नेतृत्व की आवश्यकता है। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे चुनाव चिन्ह “बिस्कुट छाप” पर मतदान कर एक मजबूत और जवाबदेह नेतृत्व को आगे लाएं।
युवा नेतृत्व पर भरोसा, विकास को बताया प्राथमिक लक्ष्य
इस अवसर पर प्रत्याशी शंकर सिंह मुंडा ने कहा कि वे नगरवासियों के सुख-दुख में हमेशा साथ खड़े रहेंगे और जनसेवा को अपना कर्तव्य मानते हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नगर पंचायत के प्रत्येक नागरिक के हित में निष्ठा, ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ कार्य किया जाएगा।
उन्होंने स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने, नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने, सड़कों की स्थिति में सुधार, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को अपनी प्राथमिकताओं में शामिल बताया। साथ ही महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों, दिव्यांगों एवं कमजोर वर्गों के अधिकारों की रक्षा और उनकी समस्याओं के समयबद्ध समाधान का संकल्प भी दोहराया।
प्रत्याशी ने अपने दिवंगत पिता स्व. मानकी सिंह मुंडा को लोकप्रिय समाजसेवी बताते हुए कहा कि जनसेवा की प्रेरणा उन्हें अपने परिवार से मिली है और वे उसी परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

सांसद कालीचरण मुंडा बोले – जनता के बीच संवाद ही लोकतंत्र की ताकत
खूंटी के सांसद कालीचरण मुंडा ने जनसंपर्क के दौरान कहा कि क्षेत्र का विकास तभी संभव है जब स्थानीय नेतृत्व जनता से जुड़ा और जवाबदेह हो। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत स्तर पर योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन, पारदर्शिता और जनभागीदारी बेहद जरूरी है।
सांसद कालीचरण मुंडा मुंडा ने अपने संबोधन में कहा कि वे हमेशा क्षेत्र की समस्याओं को संसद और संबंधित विभागों तक मजबूती से उठाते रहे हैं और आगे भी जनता के हितों के लिए सक्रिय रहेंगे। उन्होंने कहा कि बुंडू जैसे तेजी से विकसित हो रहे क्षेत्र को योजनाबद्ध विकास और जिम्मेदार नेतृत्व की आवश्यकता है।
उन्होंने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि वे विकास, पारदर्शिता और जनहित के मुद्दों को ध्यान में रखते हुए अपने मताधिकार का प्रयोग करें और नगर के उज्ज्वल भविष्य के लिए सही निर्णय लें।
नगर पंचायत बुंडू के अध्यक्ष पद के लिए मतदान 23 फरवरी को निर्धारित है। मतदान की तिथि नजदीक आते ही क्षेत्र में चुनावी माहौल और अधिक सक्रिय हो गया है तथा विभिन्न प्रत्याशियों द्वारा जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया गया है। स्थानीय स्तर पर चुनाव को लेकर चर्चाओं का दौर भी जारी है और मतदाता अपने-अपने मुद्दों को लेकर सजग नजर आ रहे हैं।

















