तमाड़ में प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह, देवर को चाय में जहर देकर मारने के आरोप में भाभी और उसके पति गिरफ्तार

SDPO ओम प्रकाश ने किया खुलासा – शादी की तैयारी से नाराज होकर रची गई थी हत्या की साजिश

By
admin

रांची: रांची जिले के तमाड़ थाना क्षेत्र के लोधमा गांव में एक युवक की संदिग्ध मौत के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि युवक की हत्या प्रेम प्रसंग और शादी को लेकर हुए विवाद के कारण की गई थी। इस मामले में पुलिस ने मृतक की भाभी और उसके पति को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना का विवरण

SDPO ओम प्रकाश ने बताया कि 9 फरवरी 2026 को सूचना मिली थी कि लोधमा गांव निवासी शंकर नायक की जहर खाने से तबीयत बिगड़ गई है। परिजन उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद मृतक के भाई सुकरा नायक के लिखित आवेदन के आधार पर तमाड़ थाना में कांड संख्या 11/2026 दर्ज किया गया।

जांच में चौंकाने वाला खुलासा

पुलिस जांच के दौरान पता चला कि मृतक शंकर नायक के माता-पिता की लगभग तीन वर्ष पहले मृत्यु हो चुकी थी। इसके बाद उसकी देखभाल उसकी चचेरी भाभी गीता देवी किया करती थी। इसी दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध विकसित हो गया था।

SDPO ओम प्रकाश के अनुसार, जब शंकर नायक ने शादी के लिए लड़की देखनी शुरू की तो गीता देवी इसका विरोध करने लगी। वह नहीं चाहती थी कि शंकर शादी कर अलग परिवार बसाए। इसी बात को लेकर गीता देवी ने अपने पति बलदेव मछुवा के साथ मिलकर शंकर नायक की हत्या की साजिश रच डाली।

शादी करने जा रहा था युवक, भाभी ने पति के साथ मिलकर चाय में मिला दिया कीटनाशक

पुलिस के अनुसार, योजना के तहत शंकर नायक को चाय में कीटनाशक मिलाकर पिला दिया गया। जहर का असर होने के बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी, मुंह से झाग निकलने लगा और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

गिरफ्तारी और कार्रवाई

मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने आरोपी गीता देवी (35 वर्ष) और उसके पति बलदेव मछुवा (38 वर्ष), दोनों निवासी लोधमा, थाना तमाड़, जिला रांची को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रवीण कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक प्रेम सागर, गणेश चौड़े सहित तमाड़ थाना के सशस्त्र बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

SDPO ओम प्रकाश ने बताया

SDPO ओम प्रकाश ने बताया कि यह मामला प्रेम प्रसंग और आपसी विवाद से जुड़ा हुआ है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

Share This Article
error:Content is protected !!