बुंडू के एसडीएम किस्टो कुमार बेसरा का तबादला, मोहन लाल मरांडी ने संभाला पदभार

पश्चिमी सिंहभूम में अपर उपायुक्त बने किस्टो कुमार बेसरा, बुंडू अनुमंडल कार्यालय में हुआ विदाई सह स्वागत समारोह

By
admin

रांची: झारखंड सरकार द्वारा किये गये प्रशासनिक फेरबदल के तहत रांची के बुंडू अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) किस्टो कुमार बेसरा का तबादला कर दिया गया है। उन्हें पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा) में अपर उपायुक्त के पद पर पदस्थापित किया गया है। वहीं, पाकुड़ के उप निर्वाचन पदाधिकारी मोहन लाल मरांडी ने बुंडू के नये एसडीएम के रूप में योगदान देकर पदभार संभाल लिया है।

बुंडू अनुमंडल कार्यालय सभागार में इस अवसर पर विदाई सह स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों, कर्मियों एवं अधिवक्ताओं की मौजूदगी में पदभार हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी की गई।

निवर्तमान एसडीएम ने किया स्वागत, अधिकारियों-कर्मियों ने दी विदाई

समारोह के दौरान निवर्तमान एसडीएम किस्टो कुमार बेसरा ने नये एसडीएम मोहन लाल मरांडी का फूलों का गुलदस्ता देकर स्वागत किया। वहीं अधिकारियों, कर्मियों और बुंडू बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने किस्टो कुमार बेसरा को फूलों का गुलदस्ता भेंट कर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिये शुभकामनाएं दीं।

मौजूद अधिकारियों ने कहा कि किस्टो कुमार बेसरा ने अपने कार्यकाल में बेहतर प्रशासनिक समन्वय के साथ कार्य किया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मियों के साथ समन्वय बनाकर काम किया, जिसका लाभ प्रशासनिक कार्यों में देखने को मिला।

‘सभी का सहयोग मिला, कार्यकाल अच्छा रहा’ : किस्टो कुमार बेसरा

निवर्तमान एसडीएम किस्टो कुमार बेसरा ने कहा कि बुंडू में उनका कार्यकाल अच्छा रहा और उन्हें अधिकारियों, कर्मियों, अधिवक्ताओं एवं आम लोगों का सहयोग मिला। उन्होंने कहा कि टीमवर्क और आपसी समन्वय के साथ प्रशासनिक कार्यों को आगे बढ़ाया गया।

जनसमस्याओं के समाधान पर रहेगा फोकस : मोहन लाल मरांडी

नये एसडीएम मोहन लाल मरांडी ने कहा कि सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, जनसमस्याओं के समाधान और प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता को प्राथमिकता दी जायेगी। उन्होंने कहा कि आम लोगों से जुड़े मामलों के निष्पादन और प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में कार्य किया जायेगा।

मौके पर बुंडू के एलआरडीसी छबी बाला बरला, बुंडू सीओ हंस हेम्ब्रम, तमाड़ सीओ समरेश प्रसाद भंडारी, बुंडू बीडीओ सावित्री कुमारी, महिला थाना प्रभारी खुशबू कुमारी, बुंडू बार एसोसिएशन के अधिवक्ता, अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।

Share This Article
error:Content is protected !!