तमाड़ के बीरगांव सुरक्षित वन में कब्जे की कोशिश! वन विभाग की कार्रवाई, झोपड़ी तोड़ी, 29 पर केस

तमाड़ में वन भूमि पर अवैध कटाई कर खेती और बसने की तैयारी का आरोप, संयुक्त टीम ने चलाया अतिक्रमण हटाओ अभियान

By
admin

रांची: खूंटी वन प्रमंडल अंतर्गत तमाड़ के बीरगांव सुरक्षित वन क्षेत्र में वन भूमि पर कथित कब्जे के प्रयास का मामला सामने आया है। वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाया, अवैध निर्माण को ध्वस्त किया और एक नामजद समेत 28 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

वन विभाग का दावा- पेड़ काटकर जमीन तैयार की जा रही थी

वन विभाग के अनुसार, परासी गांव से आए करीब 30 लोगों द्वारा बीरगांव सुरक्षित वन क्षेत्र में वन भूमि पर कब्जा करने के उद्देश्य से अवैध रूप से पेड़ों की कटाई और झाड़ियों की सफाई की जा रही थी। विभाग का आरोप है कि जमीन को खेती योग्य बनाने के साथ-साथ वहां रहने के लिए झोपड़ी का निर्माण भी किया जा रहा था।

वन विभाग ने दावा किया कि मौके पर विभाग के कई पेड़ों को काटा गया था। वहीं, संबंधित लोगों द्वारा एक बोर्ड भी लगाया गया था, जिस पर मुंडारी भाषा में बातें लिखी गई थीं।

खुद को “एसी कुटुम्ब” बताने का दावा

वन विभाग के मुताबिक, मौके पर मौजूद लोग खुद को “एसी कुटुम्ब (पत्थरगढ़ी)” से जुड़ा बता रहे थे। विभाग का कहना है कि संबंधित लोग जमीन पर अपना दावा कर रहे थे। हालांकि, इस संबंध में दूसरे पक्ष का बयान सामने नहीं आया है।

संयुक्त टीम ने चलाया अभियान

सूचना मिलने के बाद वन प्रमंडल पदाधिकारी, खूंटी के निर्देश पर तमाड़, बुंडू और खूंटी वन क्षेत्र की संयुक्त टीम ने अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान वन भूमि को कब्जा मुक्त कराया गया। साथ ही बनाई जा रही झोपड़ी को तोड़ दिया गया और लगाए गए बोर्ड को जब्त कर वन विभाग अपने साथ ले गया।

इस छापेमारी अभियान का नेतृत्व प्रधान वनरक्षक शुभम जायसवाल, प्रभारी वनपाल राजू महतो और प्रभारी वनपाल दिलीप मुंडा ने किया।

29 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

इस मामले में वन विभाग ने मंगल सिंह, पिता- एतवा सिंह, ग्राम- रायबेड़ा (परासी) समेत 28 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। विभाग का कहना है कि वन भूमि को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त करा लिया गया है।

Share This Article
error:Content is protected !!