एसडीएम और डीएसपी के नेतृत्व में शांतिपूर्ण मतदान
रांची/बुंडू:बुंडू नगर पंचायत चुनाव सोमवार को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। महिला, युवा और बुजुर्ग मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। शाम 5 बजे तक कुल 74.10 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। वहीं कई केंद्रों पर अधिक भीड़ के कारण निर्धारित समय के बाद भी मतदान जारी रहा और कुछ बूथों पर शाम 7 बजे तक मतदान कराया गया।
पूरे मतदान प्रक्रिया की मॉनिटरिंग अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) किस्टो कुमार बेसरा द्वारा लगातार की जाती रही। वे सुबह से ही विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण करते रहे और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मतदान कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा मतदाताओं से बातचीत कर पेयजल, कतार व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। एसडीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि मतदान पूरी तरह भयमुक्त, पारदर्शी और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाए।
डीएसपी ओम प्रकाश की निगरानी में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
पूरे नगर पंचायत क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी डीएसपी ओम प्रकाश के नेतृत्व में संभाली गई। उनके निर्देशन में पुलिस बल को अलर्ट मोड पर रखा गया था। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी। डीएसपी स्वयं क्षेत्र में लगातार गश्त करते रहे और विधि-व्यवस्था की स्थिति पर नजर बनाए रखी।
इस दौरान सिल्ली डीएसपी अनुज उरांव, बुंडू थाना प्रभारी रामकुमार वर्मा, राहे थाना प्रभारी यशवंत कुमार सिंह, मूरी ओपी प्रभारी राहुल कुमार मेहता, बुंडू अंचल अधिकारी हंस हेमब्रम सहित अन्य प्रशासनिक व पुलिस पदाधिकारी सक्रिय रूप से तैनात रहे। प्रशासन और पुलिस की संयुक्त सतर्कता के कारण पूरे दिन कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
महिला और युवा मतदाताओं में दिखा खास उत्साह
मतदान के दौरान महिला मतदाताओं की भागीदारी उल्लेखनीय रही। कई केंद्रों पर महिलाओं की अलग कतारें लगी रहीं। वहीं पहली बार मतदान करने वाले युवाओं में भी लोकतंत्र के प्रति उत्साह साफ देखा गया। सभी मतदान केंद्रों पर प्रक्रिया व्यवस्थित और शांतिपूर्ण तरीके से संचालित होती रही।
अब मतगणना और परिणाम पर टिकी निगाहें
प्रशासन और पुलिस की सक्रियता के कारण बुंडू नगर पंचायत चुनाव पूरी तरह शांतिपूर्ण और निष्पक्ष माहौल में संपन्न हो सका। मतदान समाप्त होने के बाद अब प्रत्याशियों और मतदाताओं की नजरें मतगणना और चुनाव परिणाम पर टिकी हुई हैं। नगर पंचायत के विभिन्न पदों के लिए चुनाव मैदान में उतरे प्रत्याशियों के भविष्य का फैसला जल्द ही मतगणना के बाद सामने आएगा।

















