रांची: रांची के बुंडू स्थित पंचवटी होटल में कावेरी सीड कंपनी लिमिटेड की ओर से विक्रेता सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में क्षेत्र के कृषि उत्पाद विक्रेताओं को कंपनी के नए उत्पादों, उन्नत धान बीजों और आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में किसानों की आय बढ़ाने और गुणवत्तापूर्ण बीजों के उपयोग पर विशेष जोर दिया गया।
उन्नत बीजों की दी जानकारी
सम्मेलन की शुरुआत गणेश वंदना और केक कटिंग के साथ हुई। इस दौरान प्रोजेक्टर के माध्यम से धान, मक्का समेत अन्य कृषि उत्पादों की विशेषताओं और उपयोग की जानकारी साझा की गई। साथ ही धान की KPH-468, KRH-7227, KRH-7429, KV-21 और KV-99 किस्मों के फायदे तथा जैविक खेती की उपयोगिता पर विस्तार से चर्चा की गई।
किसानों की आय बढ़ाने का लक्ष्य
कंपनी के रीजनल बिजनेस हेड विनय सिंह ने बताया कि कावेरी सीड कंपनी लिमिटेड वर्ष 1976 में स्थापित एक स्वदेशी कंपनी है, जिसका मुख्यालय हैदराबाद में है। उन्होंने कहा कि कंपनी आधुनिक तकनीक और गुणवत्तापूर्ण बीजों के माध्यम से किसानों की उत्पादकता और आय बढ़ाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। कार्यक्रम में कंपनी के बीज एवं फसल सुरक्षा उत्पादों की विशेषताओं की भी जानकारी दी गई।
प्रतिभागियों को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम का संचालन क्षेत्रीय प्रतिनिधि सुधांशु सिंह ने किया। सम्मेलन के अंत में सभी प्रतिभागियों को उपहार देकर सम्मानित किया गया। मौके पर कंपनी की मार्केटिंग टीम से संदीप सुमन सहित कई लोग उपस्थित थे।

















