रांची: रांची के बुंडू प्रखंड के ताऊ पंचायत में शुक्रवार को 99 लाख रुपये की लागत से बनने वाले ट्राइबल मल्टी पर्पस मार्केटिंग सेंटर (टीएमएमसी) का शिलान्यास तमाड़ विधायक विकास कुमार मुंडा ने किया। इस परियोजना के तहत 14 कमरों का निर्माण किया जाएगा। केंद्र के निर्माण से स्थानीय व्यापारियों, किसानों, स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण उद्यमियों को अपने उत्पादों के विपणन के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान विधायक ने विधिवत पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर पंचायत प्रतिनिधियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
क्षेत्र के विकास के लिए लगातार हो रहा काम : विकास कुमार मुंडा
इस अवसर पर विधायक विकास कुमार मुंडा ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विकास और लोगों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। ट्राइबल मल्टी पर्पस मार्केटिंग सेंटर के निर्माण से स्थानीय स्तर पर व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा लोगों को अपने उत्पादों के लिए एक व्यवस्थित बाजार उपलब्ध हो सकेगा।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और लोगों के हित में लगातार जनकल्याणकारी योजनाएं लाई जा रही हैं। आने वाले दिनों में भी ऐसी योजनाओं को धरातल पर उतारा जाएगा, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को अधिक से अधिक लाभ मिल सके। सरकार की प्राथमिकता विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
विधायक ने कहा कि यह परियोजना स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित करेगी। साथ ही छोटे व्यापारियों, किसानों और स्वयं सहायता समूहों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा। ग्रामीणों ने भी इस योजना का स्वागत करते हुए कहा कि केंद्र के निर्माण से क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी और स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध होगा।

















