तमाड़ पुलिस ने खोली शातिर ट्रैक्टर चोर की करतूत,शातिर आरोपी गिरफ्तार,चोरी के दो सोनालिका ट्रैक्टर बरामद

पहले अपना ट्रैक्टर बेचा, फिर उसी ट्रैक्टर को दोबारा चोरी कर दूसरे को बेच दिया, प्राथमिकी दर्ज कराने खुद भी थाना पहुंच गया था आरोपी

By
admin

रांची: रांची जिले की तमाड़ थाना पुलिस ने ट्रैक्टर चोरी के एक बेहद शातिर और हैरान करने वाले मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो न सिर्फ दूसरे लोगों के ट्रैक्टर चोरी करता था, बल्कि अपना ट्रैक्टर बेचने के बाद उसी ट्रैक्टर को दोबारा चोरी कर दूसरे इलाके में बेच देता था। आरोपी की चालाकी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि चोरी के बाद वह खुद खरीदार के साथ थाना पहुंचकर प्राथमिकी दर्ज कराने भी गया था, ताकि पुलिस और खरीदार दोनों को उस पर शक न हो।

तमाड़ थाना पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए चोरी के दो सोनालिका ट्रैक्टर बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान तमाड़ थाना क्षेत्र के विजयगिरी निवासी 26 वर्षीय निकेश कुमार महतो के रूप में हुई है।

अराहांगा से ट्रैक्टर चोरी होने के बाद शुरू हुई जांच

जानकारी के अनुसार 16 मई 2026 को सरायकेला-खरसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र अंतर्गत मुटुदा गांव निवासी सुखराम मुंडा का सोनालिका ट्रैक्टर तमाड़ थाना क्षेत्र के अराहांगा गांव से चोरी हो गया था। घटना के बाद पीड़ित ने तमाड़ थाना पहुंचकर ट्रैक्टर चोरी की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर तमाड़ थाना में कांड संख्या 28/26, धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।

तकनीकी जांच और गुप्त सूचना से आरोपी तक पहुंची पुलिस

मामले को गंभीरता से लेते हुए तमाड़ थाना पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान, मोबाइल लोकेशन और गुप्त सूचना के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि चोरी किया गया ट्रैक्टर तमाड़ थाना क्षेत्र के बाबूरामडीह गांव में छिपाकर रखा गया है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बाबूरामडीह गांव में छापेमारी की, जहां से चोरी किया गया सोनालिका ट्रैक्टर बरामद कर लिया गया। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए विजयगिरी स्थित उसके घर से आरोपी निकेश कुमार महतो को गिरफ्तार कर लिया।

थाना प्रभारी प्रवीण कुमार मोदी ने क्या कहा

तमाड़ थाना प्रभारी प्रवीण कुमार मोदी ने बताया कि ट्रैक्टर चोरी की शिकायत मिलने के बाद पुलिस लगातार तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर काम कर रही थी। जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर बाबूरामडीह गांव में छापेमारी कर चोरी गया ट्रैक्टर बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि आरोपी से पूछताछ में कई पुराने ट्रैक्टर चोरी मामलों का भी खुलासा हुआ है। पुलिस पूरे नेटवर्क और ट्रैक्टर खरीद-बिक्री से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

पूछताछ में खुलती गई आरोपी की शातिर करतूत

गिरफ्तारी के बाद पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह पहले भी कई ट्रैक्टर चोरी की घटनाओं में शामिल रहा है। उसने पुलिस को बताया कि 21 दिसंबर 2025 को विजयगिरी गांव से धनीराम योगी का सोनालिका ट्रैक्टर चोरी किया था। इस मामले में तमाड़ थाना में कांड संख्या 125/2025 दर्ज है।

आरोपी ने चोरी के उस ट्रैक्टर को शशि कुमार साहू नामक व्यक्ति को चार लाख पचास हजार रुपये में बेच दिया था। पुलिस ने उक्त ट्रैक्टर को अड़की थाना क्षेत्र के सिंदरी गांव से बरामद कर लिया है।

अपना ट्रैक्टर बेचा, फिर उसी को दोबारा चोरी कर बेच दिया

पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को एक और हैरान करने वाली जानकारी दी। आरोपी ने बताया कि उसने मार्च 2026 में अपना एक सोनालिका ट्रैक्टर तीन लाख अस्सी हजार रुपये में चांडिल के नीमडीह थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति को बेचा था। लेकिन कुछ दिनों बाद 14 अप्रैल 2026 की रात उसने खरीदार के घर के बाहर खड़े उसी ट्रैक्टर को दोबारा चोरी कर लिया और बाद में उसे तमाड़ थाना क्षेत्र के लुंगटू गांव में बेच दिया।

सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि जब खरीदार ट्रैक्टर चोरी की शिकायत लेकर नीमडीह थाना पहुंचा, तब ट्रैक्टर का नाम ट्रांसफर नहीं होने के कारण पुलिस ने वास्तविक मालिक को बुलाने की बात कही। इसके बाद आरोपी निकेश कुमार महतो खुद खरीदार के साथ थाना पहुंचा और ट्रैक्टर चोरी की प्राथमिकी दर्ज कराने में भी शामिल हो गया, ताकि पुलिस और खरीदार दोनों को उस पर शक न हो।

आगे की छापेमारी जारी

फिलहाल पुलिस लुंगटू गांव में बेचे गए ट्रैक्टर की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस ने आरोपी के निशानदेही पर छापामारी कर सोनालिका 4750 मॉडल तथा सोनालिका DI 42RX मॉडल के दो ट्रैक्टर बरामद किए हैं।

इस पूरी कार्रवाई में तमाड़ थाना प्रभारी प्रवीण कुमार मोदी, एसआई सिरिल सांगा, एसआई अजय प्रताप समेत तमाड़ थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

Share This Article
error:Content is protected !!