रांची: एम.बी. स्कूल, बुंडू में शुक्रवार को छात्रों एवं शिक्षकों के लिए अग्नि सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम एवं फायर डेमो का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को आग लगने की स्थिति में सतर्कता, सुरक्षा उपायों तथा प्राथमिक बचाव के तरीकों की जानकारी देना था।
कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षित सुरक्षा कर्मियों द्वारा गैस सिलेंडर में आग लगने की स्थिति का प्रत्यक्ष प्रदर्शन किया गया। साथ ही अग्निशामक यंत्र (फायर एक्सटिंग्विशर) के सही उपयोग की विधि भी विस्तार से समझाई गई।

सुरक्षा अधिकारी ने छात्रों को बताया कि आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय शांत रहना चाहिए और तुरंत सुरक्षित स्थान की ओर जाना चाहिए। उन्होंने गैस सिलेंडर, विद्युत उपकरणों एवं अन्य ज्वलनशील वस्तुओं के सुरक्षित उपयोग को लेकर भी महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
इस दौरान छात्रों को अग्निशामक यंत्र चलाने का व्यावहारिक अभ्यास कराया गया, जिससे उनमें आत्मविश्वास बढ़ा।
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती ज़ाहिदा कौसर ने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा विद्यालय की सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऐसे जागरूकता कार्यक्रम छात्रों को आपातकालीन परिस्थितियों में सही निर्णय लेने में सक्षम बनाते हैं।
कार्यक्रम में शिक्षक दीपक कुमार, बिपिन कुमार, जमील अंसारी, अभिषेक कुमार, दिनेश महतो, ज्योति मैम, बेनज़ीर मैम, दीप्ति मैम, फरहा मैम, नरगिस मैम एवं निशा मैम सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने सुरक्षा नियमों का पालन करने का संकल्प लिया। विद्यालय प्रशासन ने भविष्य में भी इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।

















