‘अब नहीं तो कभी नहीं’: बुंडू में आजसू नेता राजकिशोर कुशवाहा ने छेड़ी बड़ी मुहिम, जेल, कोर्ट व ट्रेजरी की मांग तेज

बुंडू के धुर्वामोड़ से शुरू हुआ हस्ताक्षर अभियान, चारों प्रखंडों में विस्तार की तैयारी; सैकड़ों लोगों ने पहले ही दिन दिया समर्थन

By
admin

रांची: रांची के बुंडू अनुमंडल में वर्षों से लंबित बुनियादी प्रशासनिक सुविधाओं को लेकर अब जनता सड़क पर उतरती नजर आ रही है। गुरुवार को धुर्वामोड़ से आजसू पार्टी के नेतृत्व में जेल, कोर्ट और ट्रेजरी की स्थापना की मांग को लेकर एक बड़े हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की गई। पहले ही दिन उमड़ी भीड़ ने साफ संकेत दे दिया कि यह मुद्दा अब जनआंदोलन का रूप ले चुका है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बुंडू अनुमंडल के हजारों लोगों को छोटे-छोटे न्यायिक और सरकारी कार्यों के लिए रांची और अन्य दूरस्थ क्षेत्रों का रुख करना पड़ता है। इससे न केवल समय और पैसे की बर्बादी होती है, बल्कि आम जनता को मानसिक और आर्थिक परेशानी भी झेलनी पड़ती है।

धुर्वामोड़ से शुरू हुई मुहिम, अब घर-घर पहुंचेगा अभियान

आजसू पार्टी ने इस अभियान को व्यापक बनाने की रणनीति तैयार कर ली है। पार्टी नेताओं के अनुसार, आने वाले दिनों में बुंडू, तमाड़, राहे और सोनाहातू प्रखंडों में घर-घर जाकर लोगों से संपर्क किया जाएगा और उनसे हस्ताक्षर कर समर्थन लिया जाएगा।

अभियान के दौरान स्थानीय नागरिकों का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में लोगों ने हस्ताक्षर कर यह स्पष्ट कर दिया कि वे अब अपने अधिकारों को लेकर पीछे हटने वाले नहीं हैं।

“यह राजनीतिक नहीं, अधिकार और विकास की लड़ाई है” — राजकिशोर कुशवाहा

आजसू नेता राजकिशोर कुशवाहा ने साफ शब्दों में कहा कि यह लड़ाई किसी राजनीतिक लाभ के लिए नहीं, बल्कि बुंडू अनुमंडल के सम्मान और अधिकार के लिए लड़ी जा रही है। उन्होंने कहा कि वर्षों की उपेक्षा के बाद अब जनता जाग चुकी है और अपने हक के लिए संगठित हो रही है।

उन्होंने सभी राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से एकजुट होकर इस मुहिम को सफल बनाने की अपील की, ताकि सरकार पर ठोस दबाव बनाया जा सके और जल्द से जल्द इन सुविधाओं की स्थापना हो सके।

पार्टी की आगामी योजना के तहत हस्ताक्षर अभियान के बाद एक प्रतिनिधिमंडल झारखंड के राज्यपाल, मुख्यमंत्री और तमाड़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक से मुलाकात कर हस्ताक्षरित ज्ञापन सौंपेगा और शीघ्र कार्रवाई की मांग करेगा।

इस कार्यक्रम में आजसू पार्टी के कई प्रमुख नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिनमें राजकिशोर कुशवाहा, श्याम महतो, अभिषेक गोराई, आकाश महतो, सुनील कुम्हार, मो. सेराज, तपन कोईरी, किशोर महतो, हरिहर महतो, नंदे महतो, कालीपद महतो, सोमल महतो, संतोष महतो, शक्ति महतो, सुनील महतो और जयदेव महतो शामिल थे।

कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता दीपक साहू की मौजूदगी ने इस मुद्दे को और मजबूती दी। उन्होंने भी जनहित से जुड़े इस मांग का समर्थन किया।

अभियान के अंत में आयोजकों ने बुंडू अनुमंडल के सभी नागरिकों से इस आंदोलन में सक्रिय भागीदारी निभाने और अपनी आवाज को मजबूत करने की अपील की।

Share This Article
error:Content is protected !!