खूंटी में अजीबो-गरीब घटना: ट्रेलर खुद लुढ़का, चालक समझा ‘चोर’, चिल्लाते हुए पीछे दौड़ा

मुरहू में ढलान पर खड़ा ट्रेलर बिना चालक के ही चल पड़ा, दुकानों में घुसकर मचाई तबाही, राहत—कोई घायल नहीं

By
admin

खूंटी: झारखंड के खूंटी जिले के मुरहू में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक बेकाबू ट्रेलर ने कई दुकानों को नुकसान पहुंचा दिया। यह घटना नेशनल हाईवे पर मुरहू चौक के पास हुई।

जानकारी के अनुसार, ट्रेलर लोहे का स्क्रैप लेकर चाईबासा की ओर जा रहा था। इसी दौरान चालक ने महादेव मंडा के पास ढलान पर गाड़ी खड़ी की और पास की दुकान में सामान खरीदने चला गया।

इसी बीच ट्रेलर बिना चालक के ही धीरे-धीरे ढलान पर लुढ़कने लगा। जब चालक ने अपनी गाड़ी को चलते हुए देखा, तो उसे लगा कि कोई चोर उसका ट्रेलर लेकर भाग रहा है।

इसके बाद चालक ‘चोर-चोर’ चिल्लाते हुए ट्रेलर के पीछे दौड़ने लगा। लेकिन कुछ ही देर में सच्चाई सामने आ गई—ट्रेलर खुद ही ढलान पर लुढ़क रहा था।

बेकाबू ट्रेलर आगे बढ़ते हुए सड़क किनारे बनी कई दुकानों और मकानों से जा टकराया, जिससे भारी नुकसान हुआ। दुकानों में रखा सामान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, वहीं दो स्कूटी भी इसकी चपेट में आकर टूट गईं।

घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

Share This Article
error:Content is protected !!