पलामू जिले के मेदिनीनगर में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा शहर के व्यस्त इलाके छह मुहान चौक के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से 65 वर्षीय अशोक पासवान की जान चली गई।
मृतक की पहचान लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के दुमी गांव निवासी अशोक पासवान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अशोक पासवान मेदिनीनगर के तिनकोणिया गैरेज के पास स्थित एक होटल में काम करते थे। शुक्रवार की सुबह वह रोज की तरह अपने घर से काम पर जाने के लिए निकले थे।
इसी दौरान जब वह छह मुहान चौक के पास पहुंचे, तभी एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार और टीओपी वन प्रभारी इंद्रदेव पासवान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया है।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर थाना ले लिया है और चालक की पहचान व गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।
इधर, घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है। अशोक पासवान परिवार के कमाने वाले सदस्य थे। उनकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से छह मुहान चौक जैसे व्यस्त इलाके में ट्रैफिक व्यवस्था मजबूत करने और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण लगाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।












